‘Kantara Chapter 1’ का धमाका! पहले दिन ही 100 करोड़ पार, विदेशों में भी चला जादू,

साउथ सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्सुकता थी। लगभग दो साल के इंतजार के बाद यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज हुई और पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। भारत से लेकर विदेशों तक, फिल्म की कमाई ने मेकर्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।

भारत में तगड़ी कमाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में लगभग 60 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। खास बात यह है कि इस फिल्म की सफलता किसी बड़े सुपरस्टार की स्टार पावर पर नहीं, बल्कि इसकी दमदार कहानी और प्रस्तुति पर टिकी हुई है। दर्शकों की ओर से फिल्म को पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिससे आने वाले दिनों में इसके आंकड़े और भी ऊंचे जा सकते हैं।

विदेशों में भी दिखाई धाक

भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने लगभग 40 करोड़ रुपए की कमाई की है। इस तरह ‘कांतारा चैप्टर 1’ का ओपनिंग डे वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। यह आंकड़ा कन्नड़ सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि है और इसे ‘केजीएफ चैप्टर 2’ के बाद इंडस्ट्री की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल कर दिया है।

बॉलीवुड फिल्मों को पछाड़ा

‘कांतारा चैप्टर 1’ ने आते ही कई बॉलीवुड फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। इस साल रिलीज हुई फिल्म ‘सैयारा’ ने पहले दिन 21.5 करोड़ और ‘छावा’ ने 31 करोड़ का कलेक्शन किया था। लेकिन ऋषभ शेट्टी की फिल्म इन दोनों को काफी पीछे छोड़कर आगे निकल गई है। विदेशी कमाई ने फिल्म की सफलता में चार चांद लगाए हैं।

साउथ के दिग्गजों से टक्कर

हालांकि, साउथ की बड़ी फिल्मों के सामने ‘कांतारा चैप्टर 1’ फिलहाल पिछड़ती नजर आ रही है। हाल ही में रिलीज हुई रजनीकांत की ‘कुली’ ने ओपनिंग डे पर 151 करोड़ रुपए और पवन कल्याण की ‘ओजी’ ने 161 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इन आंकड़ों को ‘कांतारा चैप्टर 1’ फिलहाल पार नहीं कर पाई है।

बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस की खिलाड़ी

फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ का आंकड़ा छूकर साफ कर दिया है कि यह बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस की खिलाड़ी साबित होगी। आने वाले दिनों में वीकेंड और त्योहारी सीजन के दौरान फिल्म की कमाई और भी बढ़ सकती है। ऋषभ शेट्टी की यह फिल्म दर्शकों को कितना बांध पाती है, अब यही देखना दिलचस्प होगा।

;
Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra