Health Care: बदलते मौसम में आंखों को रखें हेल्दी, लालिमा, खुजली और पानी से बचना है जरूरी? अपनाएं ये आसान हैबिट्स

मौसम बदलते ही आंखों में चिपचिपापन, लालिमा, खुजली और पानी आना आम समस्या बन जाती है। इसके साथ ही आज की भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल में कम उम्र में ही नजर कमजोर होना भी सामान्य हो गया है। खराब खानपान, स्क्रीन पर लंबे समय तक समय बिताना और लापरवाही, इन सबका सीधा असर हमारी आंखों की सेहत पर पड़ता है। ऐसे में जरूरी है कि हम कुछ अच्छी आदतों को अपनाएं, जो आंखों को हेल्दी रखने और एलर्जी से बचाने में मदद करें।

हाईजीन का रखें खास ध्यान

आंखों की एलर्जी से बचने का सबसे आसान तरीका है साफ-सफाई। आंखों को बार-बार छूने से बचें और हाथों को हमेशा धोकर रखें। गंदे हाथों से आंखों में बैक्टीरिया पहुंच सकते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ता है। धूल या प्रदूषण वाली जगह पर जाते समय चश्मा या सनग्लासेस पहनना आंखों को सुरक्षित रखता है।

एलर्जी होने पर अपनाएं ये तरीके

अगर आंखों में खुजली, चिपचिपापन या ड्राईनेस महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाएं और बाहर निकलते समय अच्छे क्वालिटी के सनग्लासेस जरूर पहनें। यह आंखों को धूल और हानिकारक किरणों से बचाते हैं।

अपनाएं 20-20-20 का नियम

जो लोग दिनभर कंप्यूटर या मोबाइल स्क्रीन पर काम करते हैं, उनके लिए 20-20-20 का नियम बहुत जरूरी है। यानी हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए ब्रेक लें और 20 फीट दूर रखी किसी चीज़ को ध्यान से देखें। इससे आंखों पर स्ट्रेस कम होता है और नजर कमजोर होने से बचती है।

धूप से बचाएं आंखें

जैसे स्किन के लिए सनस्क्रीन जरूरी है, वैसे ही आंखों को भी सूरज की यूवी किरणों से बचाना उतना ही अहम है। बाहर निकलते समय हमेशा UV प्रोटेक्शन वाले सनग्लासेस का इस्तेमाल करें।

नींद और खानपान का रखें ख्याल

7 से 8 घंटे की अच्छी नींद आंखों को फ्रेश रखती है और भारीपन कम करती है। देर रात तक जागने से बचें। वहीं, हेल्दी डाइट भी आंखों की सेहत के लिए जरूरी है। हरी सब्जियां, गाजर, शिमला मिर्च, शकरकंद जैसे विटामिन और कैरोटिन से भरपूर फूड्स खाएं। ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें जैसे अखरोट, बादाम, अंडा और मछली भी डाइट में शामिल करें।

;
Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra