बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के फायरब्रांड विधायक डॉक्टर संजीव कुमार के कदम से पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है। बताया जा रहा है कि खगड़िया जिले के परबत्ता से विधायक संजीव कुमार जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) का दामन थाम सकते हैं।
तेजस्वी यादव से मुलाकात
सूत्रों के मुताबिक, संजीव कुमार ने हाल ही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की है। दोनों नेताओं की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि जेडीयू के मजबूत नेताओं में गिने जाने वाले संजीव कुमार का झुकाव अब पूरी तरह से आरजेडी की ओर है।
3 अक्टूबर को होगा औपचारिक ऐलान
खबर है कि 3 अक्टूबर को संजीव कुमार औपचारिक तौर पर आरजेडी में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए खगड़िया के गोगरी में एक बड़ी सभा आयोजित होने वाली है, जिसमें तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। इसी मंच से संजीव कुमार के आरजेडी जॉइन करने की घोषणा होने की संभावना है।
जेडीयू से नाराजगी की पुरानी वजहें
संजीव कुमार पिछले कुछ समय से पार्टी से नाराज चल रहे थे। उनके कई बयान सीधे तौर पर जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ रहे हैं। जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनवरी 2023 में महागठबंधन छोड़कर एनडीए के साथ जाने का फैसला किया था, तभी से संजीव कुमार का रुख चर्चाओं में रहा। उनका रुझान उस समय से ही जेडीयू से हटकर दिखने लगा था।
जांच-पड़ताल से भी रहे सुर्खियों में
संजीव कुमार का नाम उस समय भी सुर्खियों में आया जब आर्थिक अपराध इकाई (EoU) ने विधायकों की खरीद-फरोख्त की साजिश के मामले में उनसे पूछताछ की थी। हालांकि इस मामले ने उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने के बजाय और चर्चाओं में ला दिया।
परबत्ता में मजबूत पकड़
खगड़िया के परबत्ता क्षेत्र में संजीव कुमार की राजनीतिक पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है। वह स्थानीय स्तर पर अच्छी पकड़ रखते हैं और भूमिहार समुदाय में उनकी लोकप्रियता है। अगर वह जेडीयू छोड़कर आरजेडी का हाथ थामते हैं, तो इससे राजद को भूमिहार समाज के समर्थन का बड़ा फायदा मिल सकता है।
चुनाव से पहले बड़ा संदेश
संजीव कुमार का यह कदम बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश दे सकता है। जेडीयू जहां चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिश कर रही है, वहीं आरजेडी को संजीव कुमार जैसे नेताओं के जुड़ने से न सिर्फ खगड़िया बल्कि पूरे इलाके में मजबूती मिल सकती है।