लिवर यानी जिगर शरीर का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण अंग है। यह भोजन पचाने, विषैले तत्व बाहर निकालने, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने, पित्त बनाने और ग्लूकोज स्टोर करने का काम करता है। यही वजह है कि लिवर को स्वस्थ रखना बेहद जरूरी है। हालांकि, कई बार लिवर पर ज्यादा दबाव पड़ने से इसमें सूजन आ जाती है, जिसे हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है।
क्यों आती है लिवर में सूजन?
लिवर की कोशिकाओं में जब ज्यादा फैट जमा होने लगता है तो यह सूजन का कारण बनता है। इसे फैटी लिवर कहा जाता है। इसके अलावा वायरल इंफेक्शन, ज्यादा शराब पीना, कुछ दवाओं का साइड इफेक्ट या ऑटोइम्यून बीमारियां भी सूजन की वजह बन सकती हैं।
लिवर की सूजन के लक्षण
सर गंगाराम अस्पताल के गैस्ट्रोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. अनिल अरोड़ा के अनुसार, लिवर की सूजन के शुरुआती लक्षण इस प्रकार हैं:
पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द या भारीपन
भूख कम लगना और थकान रहना
मतली या उल्टी आना
आंख और त्वचा का पीला होना (पीलिया)
पेशाब का गहरा रंग और मल का हल्का रंग
पैरों या शरीर में सूजन
बार-बार बुखार आना
इन लक्षणों को नज़रअंदाज़ करना आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकता है।
लिवर की सूजन से बढ़ सकता है खतरा
यदि लिवर की सूजन का समय पर इलाज नहीं किया गया तो ये गंभीर बीमारियां हो सकती हैं:
सिरोसिस: इसमें लिवर की कोशिकाएं नष्ट होने लगती हैं।
लिवर फेलियर: इलाज में देरी से लिवर पूरी तरह काम करना बंद कर सकता है।
लिवर कैंसर: लंबे समय तक सूजन और सिरोसिस लिवर कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं।
कैसे करें बचाव?
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए कुछ आदतें अपनाना जरूरी है:
संतुलित और हेल्दी डाइट लें।
शराब और तंबाकू से दूर रहें।
तैलीय और प्रोसेस्ड फूड से परहेज़ करें।
नियमित रूप से एक्सरसाइज करें और वजन कंट्रोल में रखें।
फल, सब्जियां और साबुत अनाज ज्यादा खाएं।
हेपेटाइटिस ए और बी का टीका जरूर लगवाएं।
बिना डॉक्टर की सलाह दवा न लें।
लिवर की सूजन को मामूली समझना खतरनाक हो सकता है। इसलिए यदि ऊपर बताए लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।