छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. धरसींवा थाना क्षेत्र में बने एक निजी स्टील प्लांट का निर्माणाधीन हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 से 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है.
ब्लास्ट के बाद गिरी छत, मजदूर दबे
जानकारी के मुताबिक, प्लांट में अचानक हुए ब्लास्ट के बाद निर्माणाधीन छत का एक हिस्सा गिर पड़ा. हादसा इतना तेज था कि कई मजदूर मलबे में दब गए. पुलिस और बचाव दल ने अब तक 6 शव बरामद कर लिए हैं. मौके पर मौजूद लोग मानते हैं कि मलबे में और मजदूर भी दबे हो सकते हैं.
मौके पर पुलिस और राहत दल तैनात
हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने घटना की पुष्टि की और बताया कि राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है. फिलहाल पुलिस हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है.
आधिकारिक बयान का इंतजार
इस दर्दनाक हादसे के बाद भी प्लांट प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मजदूरों की मौत और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कंपनी चुप्पी साधे हुए है. इससे लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है.
मौत का आंकड़ा बढ़ने का डर
बचाव दल का कहना है कि मलबे में और मजदूर दबे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है. स्थानीय प्रशासन ने अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है और घायलों को हरसंभव इलाज देने का आश्वासन दिया है.
जांच की मांग तेज
हादसे के बाद स्थानीय लोग और मजदूर संगठनों ने जांच की मांग उठाई है. सवाल यह भी उठ रहे हैं कि निर्माणाधीन प्लांट में सुरक्षा के मानक क्यों नहीं अपनाए गए. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है.
;