आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दौर शुरू हो चुका है। इसे इंडस्ट्री और इंटरनेट के बाद तीसरी सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति माना जा रहा है। आने वाले समय में इसका असर हर आम आदमी की जिंदगी में देखने को मिलेगा, चाहे वह कामकाजी पेशा हो, पढ़ाई-लिखाई हो या रोजमर्रा का जीवन। ऐसे में, जैसे कंप्यूटर और इंटरनेट सीखना जरूरी हो गया था, वैसे ही अब AI की शिक्षा भी बेहद जरूरी हो गई है।
इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिखाने के लिए 5 खास कोर्स मुफ्त में शुरू किए हैं। ये सभी कोर्स SWAYAM पोर्टल पर उपलब्ध हैं और AI की प्रोफेशनल यात्रा शुरू करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
1. AI/ML Using Python
यह कोर्स पायथन प्रोग्रामिंग के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग की बुनियादी जानकारी देता है। खासकर डेटा साइंस के क्षेत्र में पायथन का महत्व बहुत ज्यादा है। इस कोर्स में 10वीं में गणित पढ़ चुके और बेसिक प्रोग्रामिंग का ज्ञान रखने वाले छात्र दाखिला ले सकते हैं।
2. Cricket Analytics with AI
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह कोर्स खास है। इसमें पायथन के बेसिक नॉलेज का उपयोग करके क्रिकेट से जुड़ा डेटा एनालिसिस करना सिखाया जाएगा। इससे आप AI की मदद से मैचों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण कर सकेंगे।
3. फिजिक्स में AI
यह कोर्स मशीन लर्निंग और न्यूरल नेटवर्क के जरिए फिजिक्स की समस्याओं का हल सिखाता है। इसमें बताया जाएगा कि AI उपकरण वास्तविक दुनिया में फिजिक्स के कठिन सवालों को कैसे हल कर सकते हैं। इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए ग्रेजुएशन जरूरी है।
4. केमिस्ट्री में AI
इस कोर्स में छात्र दवाओं के डिजाइन, मॉलिक्यूलर स्ट्रक्चर की भविष्यवाणी और मॉडल रिएक्शन में AI के इस्तेमाल के बारे में सीखेंगे। पायथन के साथ केमिस्ट्री के क्षेत्र में AI का उपयोग यहां विस्तार से समझाया जाएगा। यह कोर्स भी ग्रेजुएशन स्तर के छात्रों के लिए है।
5. AI In Accounting
कॉमर्स और मैनेजमेंट के छात्रों के लिए यह कोर्स बेहद उपयोगी है। इसमें AI की मदद से अकाउंटिंग के काम को आसान बनाने के तरीके सिखाए जाएंगे। इसमें ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर के छात्र भी शामिल हो सकते हैं।
कैसे लें दाखिला?
ये सभी पांचों कोर्स SWAYAM पोर्टल (swayam.gov.in) पर उपलब्ध हैं। इनको करने के लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद कोई भी व्यक्ति अपनी पसंद का कोर्स चुनकर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कर सकता है।
इन कोर्सों की खासियत यह है कि ये बिल्कुल मुफ्त हैं और घर बैठे ऑनलाइन पूरे किए जा सकते हैं। चाहे आप छात्र हों, नौकरीपेशा हों या AI में करियर बनाना चाहते हों तो ये कोर्स आपको भविष्य की टेक्नोलॉजी में कदम रखने का सही मौका दे सकते हैं।
;;