टीवी का सबसे पॉपुलर और चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ अपने 19वें सीजन के साथ एक बार फिर से धमाकेदार वापसी के लिए तैयार है। फैंस को इस शो का बेसब्री से इंतजार है, और हर दिन नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। इस बार का सीजन खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि शो में पहली बार ऐसा कुछ होने जा रहा है जो अब तक कभी नहीं हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, बिग बॉस 19 में पहली बार एक एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) रोबोट ‘कंटेस्टेंट’ के तौर पर शामिल हो सकता है। जी हां, यूएई की पहली इंटरैक्टिव अमीराती रोबोट डॉल ‘हबूबू’ इस बार सलमान खान के शो का हिस्सा बन सकती है।
कौन है ‘हबूबू’?
‘हबूबू’ डॉल को यूएई में बनाया गया है और यह काफी तेजी से सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स साइट्स पर वायरल हो रही है। इसका नाम अब हर तरफ चर्चा में है। इस डॉल की खासियत यह है कि यह इंसानों की तरह बात कर सकती है, खाना बना सकती है, साफ-सफाई कर सकती है और सबसे दिलचस्प बात – यह हिंदी के अलावा सात अन्य भाषाएं भी बोल सकती है।
बताया जा रहा है कि यह डॉल 16 साल की लड़की जैसी दिखती है, उसमें नटखटपन और क्लास दोनों हैं और इसकी आवाज भी बेहद सुरीली है। यह डॉल लोगों की बातों को समझने और उसके अनुसार भावनात्मक प्रतिक्रिया देने में सक्षम है।
बिग बॉस 19 में क्या होगा खास?
अब तक बिग बॉस के घर में इंसान ही कंटेस्टेंट बनते आए हैं। लेकिन इस बार एक रोबोट कंटेस्टेंट लाकर मेकर्स शो में एक बड़ा ट्विस्ट देने की तैयारी में हैं। ऐसा पहली बार होगा जब तकनीक और इमोशन का ये अनोखा मेल बिग बॉस के घर में देखा जाएगा। हालांकि, अभी तक मेकर्स ने इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन चर्चा जोरों पर है और फैंस इस खबर से बेहद एक्साइटेड हैं।
किस-किस को किया गया है अप्रोच?
इस बार भी बिग बॉस 19 के लिए कई पॉपुलर चेहरों को शो में आने का न्योता भेजा गया है। इनमें एलनाज नौरोजी (करण जौहर के शो ‘द ट्रैटर्स’ में नजर आई थीं), लक्ष्य चौधरी, फैसल शेख, कनिका मान, डिनो जेम्स, जन्नत जुबैर, यूलिया वंतूर, फैसल खान, पारस कलनावत, रीम शेख का नाम शामिल है. इन नामों से साफ है कि इस बार शो में ग्लैमर, ड्रामा और एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज मिलने वाला है।
अगस्त में टीवी पर दस्तक देगा बिग बॉस 19
बिग बॉस 19 अगस्त में टीवी पर दस्तक देगा। सलमान खान हमेशा की तरह शो को होस्ट करते नजर आएंगे। शो की थीम, घर की डिजाइन और नए कंटेस्टेंट्स को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
बिग बॉस 19 का यह सीजन इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें एआई तकनीक और इंसानी भावनाओं का मिलन होगा। हबूबू डॉल की एंट्री अगर सच होती है, तो यह भारतीय टीवी के इतिहास में एक नया और अनोखा अध्याय होगा।
;;