Bhim Army प्रमुख पर टूटे आरोपों के बादल, रोहिणी घावरी बोलीं-‘अब कोर्ट में होगा सच का सामना’

इंदौर की पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आजाद ने उनका और अन्य महिलाओं का शोषण किया। हालांकि, इस मामले पर चंद्रशेखर आजाद ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

भीम आर्मी प्रमुख और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद एक बार फिर विवादों में हैं। इंदौर की रहने वाली और वर्तमान में स्विट्जरलैंड में रह रहीं पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहिणी का कहना है कि चंद्रशेखर ने न केवल उनके साथ, बल्कि कई अन्य महिलाओं के साथ भी मानसिक और भावनात्मक शोषण किया है।

कौन हैं डॉ. रोहिणी घावरी?

डॉ. रोहिणी एक सामाजिक कार्यकर्ता और शोधकर्ता हैं, जिन्हें 2019 में उच्च शिक्षा के लिए स्कॉलरशिप मिली थी और वे स्विट्जरलैंड चली गईं। वहां उन्होंने एक करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप के जरिए पीएचडी पूरी की। साथ ही, उन्होंने एक एनजीओ शुरू किया और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सक्रिय रहीं। संयुक्त राष्ट्र (UN) में दिए एक भाषण में जब उन्होंने “जय श्री राम” से शुरुआत की, तो वह अचानक चर्चा में आ गईं।

चंद्रशेखर पर लगाए गंभीर आरोप?

डॉ. रोहिणी के मुताबिक, जब वह चंद्रशेखर आजाद के साथ रिश्ते में थीं, तब उन्हें यह जानकारी मिली कि चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा हैं। उनके अनुसार, यह जानकारी उनके लिए एक भावनात्मक आघात थी। रोहिणी का कहना है कि अब तक उन्होंने चुप्पी साधे रखी थी, लेकिन जब अन्य लड़कियों ने भी इसी तरह के अनुभव साझा किए, तो उन्होंने इस मामले को सार्वजनिक करने का फैसला किया।


रोहिणी का दावा है कि कई युवतियां उनसे संपर्क कर रही हैं और सभी का आरोप है कि चंद्रशेखर आजाद ने उनके साथ भी गलत बर्ताव किया है। उन्होंने साफ किया है कि अब वो कानूनी रास्ता अपनाएंगी और इस मामले को कोर्ट तक ले जाएंगी।

चुनाव तक चुप क्यों रहीं रोहिणी?

इस सवाल के जवाब में रोहिणी ने कहा कि उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव तक इसलिए कुछ नहीं कहा क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि उनके आरोपों से चंद्रशेखर को राजनीतिक नुकसान पहुंचे। लेकिन अब, जब सोशल मीडिया पर उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है, तो वे चुप नहीं रह सकतीं।

गौरतलब है कि चुनाव के दौरान उन्होंने चंद्रशेखर को “माफ” करने की बात एक सोशल मीडिया पोस्ट में कही थी, लेकिन अब वह कहती हैं कि हालात बदल चुके हैं और अब चुप रहना उनके लिए संभव नहीं।

क्या बोले चंद्रशेखर आजाद?

इन गंभीर आरोपों के बीच चंद्रशेखर आजाद ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा, “यह मामला एक महिला के सम्मान से जुड़ा है। मेरे संस्कार मुझे यही सिखाते हैं कि महिलाओं का हमेशा सम्मान करना चाहिए। मुझे जानकारी मिली है कि वह कोर्ट जा रही हैं, तो मैं भी कोर्ट में ही इसका जवाब दूंगा।”

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra

Leave a Comment