Technology: अगर कोई फोन झपटके ले जाए तो घबराएं नहीं, ये 5 काम तुरंत करें: पुलिस अधिकारी ने बताया फुल प्रूफ तरीका

आज के डिजिटल युग में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लेकिन इसके साथ ही मोबाइल फोन झपटने की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। पहले जहां चेन स्नैचिंग आम बात थी, वहीं अब मोबाइल फोन झपटमारी आम हो गई है। चूंकि कोई भी व्यक्ति अपना फोन घर पर छोड़कर नहीं निकल सकता, इसलिए ऐसी घटनाओं के शिकार होने की संभावना भी बढ़ गई है। लेकिन अगर आपके साथ कभी ऐसा हो जाए, तो घबराएं नहीं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि ऐसे समय में कौन से 5 जरूरी कदम तुरंत उठाने चाहिए ताकि आपका फोन वापस पाने की संभावना बनी रहे और आपको किसी आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सके।

  1. सबसे पहले सिम कार्ड को करवाएं ब्लॉक

फोन झपटते ही सबसे पहला कदम होना चाहिए – अपने सिम कार्ड को तुरंत ब्लॉक करवाना। चोर आपके नंबर पर ओटीपी मंगवा कर आपके बैंक अकाउंट तक पहुंच सकता है। अगर आपके पास उसी टेलिकॉम कंपनी का कोई दूसरा नंबर है, तो उसी से कस्टमर केयर पर कॉल करके सिम ब्लॉक करवाएं। या फिर आप टेलिकॉम स्टोर जाकर भी यह काम कर सकते हैं। इससे आप डिजिटल फ्रॉड से बच सकते हैं।

  1. फोन की लोकेशन करें ट्रैक

अगर आपने अपने फोन में लोकेशन ट्रैकिंग ऑन कर रखी है, तो आप “Find My” (iPhone यूजर्स के लिए) या “Google Find My Device” (Android यूजर्स के लिए) का उपयोग करके अपने डिवाइस की लोकेशन ट्रैक कर सकते हैं। Samsung यूजर्स “Samsung Find” ऐप का सहारा ले सकते हैं। यह तरीका कभी-कभी फोन की सही लोकेशन का पता लगाने में मदद करता है।

  1. जरूरी अकाउंट्स के पासवर्ड तुरंत बदलें

आज के स्मार्टफोन में बैंकिंग, सोशल मीडिया और ईमेल जैसे कई जरूरी अकाउंट्स पहले से लॉग-इन रहते हैं। इसलिए फोन खोने के बाद आपको तुरंत अपने सभी जरूरी अकाउंट्स जैसे कि बैंक ऐप्स, गूगल, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि के पासवर्ड बदल देने चाहिए। इससे यह सुनिश्चित होगा कि फोन चुराने वाला आपके डेटा का गलत इस्तेमाल न कर सके।

  1. पुलिस में शिकायत दर्ज करें

जरूरी डिजिटल सुरक्षा उपायों के बाद अगला कदम है – पुलिस में शिकायत दर्ज कराना। आप यह काम ऑनलाइन भी कर सकते हैं। जैसे दिल्ली के लिए lostfound.delhipolice.gov.in वेबसाइट है, जहां आप “Lost Devices” ऑप्शन चुनकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। अन्य राज्यों की पुलिस वेबसाइट्स पर भी इसी तरह का विकल्प मौजूद होता है।

  1. मोबाइल ब्लॉक करने के लिए CEIR पोर्टल पर जाएं

भारत सरकार ने मोबाइल चोरी की शिकायत के लिए CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल शुरू किया है। यहां आप अपने फोन का IMEI नंबर डालकर उसे ब्लॉक करवा सकते हैं। इससे आपका फोन किसी भी नेटवर्क पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post