Vaishno Devi: भक्तों की गिरती संख्या के बाद मां वैष्णो देवी में श्राइन बोर्ड की नई पहल, श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सेवा शुरू

हाल ही में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण मां वैष्णो देवी यात्रा पर इसका प्रभाव देखने को मिला है। कटरा और भवन मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक गिरावट दर्ज की गई। सामान्य दिनों में जहां हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन को आते थे, वहीं अब सुबह और शाम की आरती के समय ही थोड़ी चहल-पहल दिखती है। दिन के समय यात्रा नाम मात्र के लोग होते है।

श्राइन बोर्ड ने उठाया कदम

श्रद्धालुओं की संख्या में आई गिरावट को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड एक्टिव मोड में है। यात्रा को बढ़ावा देने के लिए श्राइन बोर्ड ने कई मुफ्त सेवाओं की घोषणा की है। रविवार को कटरा में बोर्ड द्वारा इसका औपचारिक ऐलान किया गया।

फ्री रहने की सुविधा

जो भी श्रद्धालु आधार शिविर कटरा पहुंच रहे हैं, उन्हें अब श्राइन बोर्ड के ‘आशीर्वाद परिसर’ में नि:शुल्क ठहरने की सुविधा दी जा रही है। इस फैसले के बाद श्रद्धालुओं के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।

मुफ्त में चाय और लंगर सेवा

श्राइन बोर्ड ने बाणगंगा क्षेत्र और कटरा रेलवे स्टेशन पर फ्री चाय वितरण केंद्र भी स्थापित किए हैं। इसके अलावा भवन मार्ग पर स्थापित लंगरों में रोजाना हजारों श्रद्धालु मुफ्त भोजन का लाभ ले रहे हैं।

भवन और अर्धकुवारी में रहने की सुविधा

श्राइन बोर्ड द्वारा भवन क्षेत्र और अर्धकुवारी मंदिर परिसर में भी नि:शुल्क रुकने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, दोनों स्थानों पर रोजाना होने वाली दिव्य आरती में भी श्रद्धालुओं को मुफ्त में देखने का मौका दिया जा रहा है।

कटरा हेलीपैड फिर से शुरू

सीजफायर के बाद हालात सामान्य होते देख 14 मई से कटरा हेलीपैड को फिर से शुरू कर दिया गया है। इससे हेलीकॉप्टर सेवा से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।

दुकानों पर सन्नाटा, लेकिन उम्मीद बरकरार

भक्तों की कमी के कारण भवन मार्ग की कई निजी दुकानें बंद पड़ी हैं। कटरा में भी कुछ ऐसा ही हाल है, लेकिन मुफ्त सेवाओं के चलते उम्मीद है कि जल्द ही यह यात्रा फिर से पटरी पर लौटेगी।

कैसे पहुंचे वैष्णो देवी

हवाई मार्ग:

निकटतम एयरपोर्ट: जम्मू एयरपोर्ट (कटरा से 50 किमी)

दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु आदि शहरों से सीधी उड़ानें

जम्मू से कटरा तक टैक्सी, बस या ट्रेन की सुविधा

रेल मार्ग:

नजदीकी रेलवे स्टेशन: श्री माता वैष्णो देवी कटरा

देश के प्रमुख शहरों से सीधी ट्रेनें उपलब्ध

स्टेशन से पैदल, घोड़े या हेलीकॉप्टर से यात्रा संभव

सड़क मार्ग:

कटरा जम्मू, पठानकोट, दिल्ली आदि से जुड़ा है

निजी वाहन, टैक्सी और बसें उपलब्ध

हरा-भरा और आरामदायक रास्ता

;
The Hindi Post
Author: The Hindi Post