नई दिल्ली: भारत ने मंगलवार देर रात एक बड़ा सैन्य ऑपरेशन अंजाम देते हुए पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) के 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक एयर स्ट्राइक की। इस मिशन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। इस बार भारत ने पारंपरिक हथियारों की बजाय एक नई रणनीति अपनाई — सुसाइड ड्रोन यानी ‘कामिकेज ड्रोन’ का प्रयोग कर आतंक के अड्डों को जमींदोज कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का घर भी निशाने पर था। पाक मीडिया और खुद मसूद अजहर के बयान के अनुसार, इस हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य मारे गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में इन ड्रोन हमलों की तबाही साफ देखी जा सकती है।
क्या होते हैं सुसाइड ड्रोन?
सुसाइड ड्रोन, जिन्हें कामिकेज ड्रोन या लाइटरिंग म्युनिशन सिस्टम्स (LMS) भी कहा जाता है, आधुनिक युद्ध में एक गेम चेंजर माने जाते हैं। यह एक ऐसा ड्रोन होता है जो अपने अंदर विस्फोटक लेकर उड़ता है और दुश्मन के लक्ष्य की पहचान करके खुद को वहीं विस्फोट कर देता है। इस तकनीक की खासियत है कि ये लक्ष्य के ऊपर देर तक मंडराते रहते हैं और सही वक्त पर हमला करते हैं।
कैसे करता है काम?
इन ड्रोन को विशेष रूप से लक्ष्य को पहचानने, ट्रैक करने और अंत में खुद को लक्ष्य पर गिराकर ब्लास्ट करने के लिए तैयार किया गया है। यह ड्रोन मानव रहित होते हैं और इन्हें दूर से संचालित किया जा सकता है। कई बार यह ड्रोन खुद टारगेट पहचानने में भी सक्षम होते हैं। एक बार लॉन्च होने के बाद इन्हें जरूरत पड़ने पर वापस बुलाया या कैंसल भी किया जा सकता है।
क्यों हैं गेम चेंजर?
सामान्य ड्रोन या क्रूज मिसाइल की तुलना में सुसाइड ड्रोन काफी किफायती होते हैं। ये मिशन के दौरान हवाई क्षेत्र में इंतजार कर सकते हैं, जो कि इन्हें बेहद खतरनाक और रणनीतिक रूप से मजबूत बनाता है। रूस-यूक्रेन युद्ध में भी इन ड्रोन का व्यापक इस्तेमाल देखा गया, जहां इन्हें टैंक, रडार और सैन्य कमांड सेंटर्स को उड़ाने में सफलतापूर्वक उपयोग किया गया।
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यह तकनीक भारत की रक्षा रणनीति को एक नई दिशा दे रही है। इससे अब सटीकता के साथ आतंक के गढ़ को खत्म किया जा सकता है, वो भी बिना अपने सैनिकों की जान जोखिम में डाले।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत का सर्जिकल वार
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत की सैन्य रणनीति में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि भारत ने बेहद गुप्त तरीके से इन ड्रोन को लॉन्च किया और चंद मिनटों में ही सभी 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। इन ठिकानों में जैश, लश्कर और हिजबुल के ट्रेनिंग कैंप और हथियार डिपो शामिल थे।
इस हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन आंतरिक तौर पर वहां हड़कंप मच गया है। मसूद अजहर के घर पर हुए हमले में उसका पूरा परिवार खत्म हो गया है, जो कि भारत के लिए एक बड़ी रणनीतिक और मनोवैज्ञानिक जीत मानी जा रही है।
;