30 अप्रैल को अक्षय तृतीया आने वाली है और इससे पहले ही देश में सोने की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना लिया है. देश की राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत एक दिन में 1650 रुपए की छलांग लगाकर 99,800 रुपए तक पहुंच गई है. रिटेल बाजार में लगने वाले मेकिंग चार्ज और GST जोड़ने पर इसकी कीमत 1 लाख रुपए से भी ऊपर चली गई है. यह बढ़ोतरी अक्षय तृतीया पर सोने की पारंपरिक खरीदारी की तेज़ मांग को दर्शाती है.
एमसीएक्स में वायदा कीमतें भी रिकॉर्ड स्तर पर
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में 5 जून 2025 की डिलीवरी के लिए सोने की वायदा कीमत 98,910 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई है. यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है. निवेशक आने वाले समय में कीमतों में और उछाल की उम्मीद कर रहे हैं, जिससे वायदा बाजार में भी तेजी का रुख देखा जा रहा है.
वैश्विक बाजार में भी गोल्ड चमका
अमेरिका में बढ़ते राजनीतिक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेजी देखी गई. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल की सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद निवेशकों में घबराहट देखी गई, जिससे गोल्ड की कीमत 1.7% बढ़कर 3,482.26 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई. वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 2% की बढ़त के साथ 3,492.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए.
ब्याज दरों में कटौती और ट्रेड वार का असर
यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ECB) द्वारा ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती ने भी सोने की कीमतों को सहारा दिया है. इसके साथ ही अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापार युद्ध ने वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ा दी है. निवेशकों के लिए गोल्ड एक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में उभरा है.
विशेषज्ञों की राय: सालभर में 30% की तेजी संभव
डीवीपी रिसर्च के प्रमुख विश्लेषक प्रथमेश माल्या के अनुसार, इस साल सोने की कीमतों में अब तक करीब 30% की बढ़ोतरी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और ट्रेड वार के कारण निवेशक शेयर बाजार की जगह सोने को ज्यादा सुरक्षित मान रहे हैं. आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है.
;