Rift in relationships: सास-ससुर पर बहुओं का कहर,घर की दीवारों के पीछे बुज़ुर्गों पर सितम की दास्ता, इंसानियत को शर्मसार करती तस्वीरें

देश भर में रिश्तों की वहशत की तस्वीरें सामने आ रही हैं। कभी सास-ससुर पर बहू का कहर, तो कभी माता-पिता पर अपने ही बेटे-बहुओं के हाथों जुल्म। कैमरे में कैद होती इन घटनाओं की हकीकत न केवल दिल दहला देती है, बल्कि समाज की उस सच्चाई को सामने रखती है जिसे अक्सर चुपचाप झेल लिया जाता है। अब एक ऐसा ट्रेंड देखने को मिल रहा है जहां महिलाओं के भीतर छुपा खौफनाक चेहरा सामने आ रहा है।

मेरठ की मुस्कान, औरेया की प्रगति और ब्लू ड्रम के बाद एक और पैटर्न

इन मामलों में एक समानता है—बुजुर्गों को बोझ मानने वाली मानसिकता। कहीं बहू अपने सास-ससुर को वृद्धाश्रम भेजने के लिए पीट रही है, तो कहीं बेटा-बहू मिलकर बुजुर्ग माता-पिता को घर से निकालने पर उतारू हैं। इन घटनाओं में पढ़ी-लिखी, शिक्षित और सामाजिक तौर पर सभ्य समझी जाने वाली महिलाएं भी शामिल हैं। इनका व्यवहार न केवल चौंकाता है बल्कि सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर परिवार की जड़ें इतनी जल्दी क्यों सड़ने लगी हैं।

ग्वालियर की घटना: जहां बहू ने सास को धक्का देकर गिराया

ग्वालियर के आदर्श कॉलोनी में रहने वाले विशाल बत्रा पर उनकी पत्नी नीलिका, उसके पिता और भाइयों ने हमला कर दिया। सीसीटीवी में कैद हुए दृश्यों में देखा गया कि नीलिका ने अपनी 70 वर्षीय सास सरला बत्रा को न सिर्फ खींचा, बल्कि बार-बार टाइल्स पर गिराया। बुजुर्ग महिला चीखती रही, रोती रही, मगर बहू का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था। विशाल की गलती बस इतनी थी कि वह अपनी मां को वृद्धाश्रम भेजने को तैयार नहीं था।

बिजनौर में ससुर पर डंडे से वार

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के स्वाहेड़ी गांव में राजबाला नाम की महिला ने अपने बुजुर्ग ससुर दाताराम धीमान को डंडे से पीटा। उसके बेटे ने यह सब कैमरे में रिकॉर्ड किया, मगर बीच-बचाव करने की जगह तमाशबीन बना रहा। यह मामला भी जमीनी विवाद से जुड़ा था, मगर इसका समाधान हिंसा से निकालने की सोच समाज को कितना खोखला कर रही है, इसका उदाहरण है।

गुरुग्राम की थप्पड़बाज बहू

गुरुग्राम में कविता नाम की महिला ने सास को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। वजह सिर्फ इतनी थी कि घर के कामों को लेकर बहस हुई थी। कैमरे में दर्ज यह वीडियो वायरल हो गया। पति और सास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। यह घटना एक बार फिर यह बताने को काफी है कि झगड़ों में मर्यादा और संबंधों का सम्मान किस कदर खत्म हो गया है।

सोनीपत में 82 साल की सास पर कहर

हरियाणा के सोनीपत से आई तस्वीरों में 82 साल की बुजुर्ग महिला को बहू ने सिर्फ इसलिए पीटा क्योंकि वह उसके कहे अनुसार काम नहीं कर पा रही थी। महिला को गला दबाकर मारा गया, धक्का दिया गया और फिर भी किसी ने मदद की कोशिश नहीं की। बुजुर्ग महिला की आंखों से बहता आंसू दरअसल आज की संवेदनहीनता की स्याही में लिखा एक बयान है।

नारनौल में थप्पड़ों की बौछार

हरियाणा के नारनौल से आए एक वीडियो में देखा गया कि एक बुजुर्ग महिला को खाट पर बैठा देखकर बहू ने उसे लगातार थप्पड़ मारा। यह वीडियो इतना क्रूर था कि देखने वालों की आत्मा कांप उठी। पुलिस ने इस पर एक्शन जरूर लिया, मगर सवाल ये है कि क्या केवल कार्रवाई से रिश्तों की दरार भर सकती है?

कर्नाटक में डॉक्टर बहू बनी हैवान

शिक्षा और सभ्यता का तमगा पहनने वाले भी अब इन घटनाओं में शामिल हैं। कर्नाटक से एक वीडियो सामने आया जिसमें एक डॉक्टर बहू अपने सास-ससुर को बेहरमी से पीटती नजर आई। पेशे से डॉक्टर और समाज की मदद का संकल्प लेने वाली यह महिला खुद अपने परिवार के बुजुर्गों के लिए काल बन गई।;

The Hindi Post
Author: The Hindi Post