उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति को मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड जैसे अंजाम की धमकी दी है। महिला का प्रेमी से अवैध संबंध है और उसने अपने शरीर पर आशिक का नाम गुदवा लिया है। पति ने जब इसका विरोध किया, तो महिला ने उसे काटकर ड्रम में भर देने की धमकी दी। अब वह पति पर जमीन बेचकर प्रेमी का खर्चा उठाने का दबाव बना रही है।
यह मामला बांदा जिले के गिरवा थाना क्षेत्र के जरर गांव का है। पीड़ित पति जगबंदन पाठक ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) बांदा अंकुर अग्रवाल की जनसुनवाई में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और सुरक्षा की गुहार लगाई। जगबंदन ने बताया कि उसकी शादी को 12 साल हो चुके हैं और उसके तीन बच्चे हैं। बावजूद इसके उसकी पत्नी पिछले तीन सालों से औरैया जिले के मोनू सिंह नामक युवक के साथ अवैध संबंध में है।
घर में घुसा प्रेमी, गांव वालों ने पकड़ा
जगबंदन के मुताबिक करीब छह महीने पहले मोनू सिंह रात के अंधेरे में उनके घर में घुस आया था। शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और प्रेमी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बावजूद उसकी पत्नी की हरकतें नहीं बदलीं। वह लगातार अपने पति पर जमीन और जायदाद बेचकर प्रेमी के लिए रुपये जुटाने का दबाव बना रही है।
“सौरभ के 15 हुए थे, तुम्हारे 30 टुकड़े करूंगी”
पीड़ित पति का कहना है कि जब उसने अपनी पत्नी से प्रेम संबंध खत्म करने की बात कही, तो वह बुरी तरह भड़क गई। उसने कहा, “मेरठ वाले सौरभ के तो केवल 15 टुकड़े हुए थे, मैं तुम्हारे 30 टुकड़े करके ड्रम में भर दूंगी।” महिला के इस खौफनाक बयान से जगबंदन सहम गया। उसने कहा कि अब उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
प्रेमी का खर्चा-पानी भी मांग रही है पत्नी
जगबंदन ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी न सिर्फ जमीन बेचने का दबाव बना रही है, बल्कि वह अब अपने प्रेमी मोनू सिंह का खर्चा-पानी भी उसी से मांग रही है। जब पति ने रुपये देने से मना किया, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने कई बार स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी ने दिलाया सुरक्षा का भरोसा
एसपी बांदा अंकुर अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और आरोपों की गहराई से जांच की जाए। उन्होंने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि उसे न्याय मिलेगा और किसी भी हाल में उसकी जान को खतरा नहीं होने दिया जाएगा।
मेरठ के सौरभ हत्याकांड के बाद देशभर में ऐसे मामलों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसमें पतियों को धमकाया जा रहा है। बांदा का यह मामला न केवल रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करता है, बल्कि प्रशासनिक सक्रियता की भी सख्त मांग करता है। अब देखना यह है कि पीड़ित पति को न्याय मिलता है या वह महज एक और आंकड़ा बनकर रह जाता है।;