Unnao: नीला ड्रम याद है न? पति को धमकी देने का आरोप, मामला पहुंचा पुलिस तक, मेरठ कांड के बाद लोगों में दहशत

उन्नाव: मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड के बाद अब उन्नाव में भी एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह उसे नीले ड्रम में भरकर मारने की धमकी दे रही है। पति का कहना है कि पत्नी का किसी और से अफेयर है और जब वह इसका विरोध करता है तो उसे डराने के लिए मेरठ कांड की याद दिलाती है।

पति का आरोप: पत्नी देती है धमकी

सदर कोतवाली के मोती नगर निवासी सुभाष मिश्रा का कहना है कि उसकी पत्नी प्रिया का किसी और से संबंध है। जब उसने इस संबंध का विरोध किया तो पत्नी ने उसे नीले ड्रम में भरकर जान से मारने की धमकी दी। सुभाष ने इस बारे में कई वीडियो बनाकर यूट्यूब पर भी अपलोड किए हैं लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है। डर के चलते उन्होंने मंगलवार को एसपी से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पति-पत्नी के बीच तनाव बढ़ा

सुभाष मिश्रा और प्रिया की शादी 2013 में हुई थी और दोनों का एक आठ वर्षीय बेटा भी है। शादी के शुरुआती वर्षों में सब ठीक था, लेकिन कुछ समय बाद सुभाष को पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।

पत्नी ने भी लगाए गंभीर आरोप

दूसरी ओर, प्रिया का कहना है कि उसका पति आए दिन उसे गालियां देता है और कई बार मारपीट कर चुका है। उसने यह भी बताया कि अब वे दोनों एक ही मकान में अलग-अलग रहते हैं। वह ऊपर के हिस्से में रहती है जबकि सुभाष नीचे रहता है। ईद के दिन जब वह घर लौटी तो सुभाष वीडियो बना रहे थे और अपशब्द कह रहे थे। इसी के जवाब में प्रिया ने गुस्से में कहा था- “नीला ड्रम याद है न?”

परिवार में भी मतभेद

इस विवाद में सुभाष की मां अपने बेटे के पक्ष में हैं, जबकि पिता बहू प्रिया का समर्थन कर रहे हैं। पति-पत्नी की इस लड़ाई का असर उनके मासूम बेटे पर भी पड़ रहा है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस मामले में उन्नाव पुलिस ने पति और पत्नी दोनों के आरोपों को संज्ञान में लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद ही कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।;

The Hindi Post
Author: The Hindi Post