Ghazipur: तीन बेटियों को जहर देकर आधी रात को प्रेमी संग फरार हो गई थी मां, 7 महीने बाद प्रेमी गिरफ्तार

गाजीपुर पुलिस ने सात महीने पुराने एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी पिंटू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिंटू पर आरोप है कि उसने अपनी प्रेमिका अन्नू देवी के साथ मिलकर उसकी तीन मासूम बेटियों को जहर दिया था, जिससे चार वर्षीय रितु की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अन्नू देवी अपने प्रेमी पिंटू के साथ फरार हो गई थी।

30 अगस्त 2024 की दिल दहला देने वाली घटना

यह मामला गाजीपुर के जखनिया थाना क्षेत्र का है। 30 अगस्त 2024 की रात अन्नू देवी ने अपने प्रेमी पिंटू सिंह के कहने पर अपनी तीन मासूम बेटियों – मधु (5 वर्ष), रितु (4 वर्ष) और जागृति (ढाई वर्ष) को रोटी में चूहे मारने की दवा मिलाकर खिला दी। इसके बाद दोनों प्रेमी-प्रेमिका मौके से फरार हो गए।

अगली सुबह जब बच्चों के पिता चेतन गोंड ने घर में चूहे मारने की दवा का खाली पैकेट देखा और बेटियों की हालत बिगड़ती गई, तो उन्होंने फौरन पुलिस को सूचना दी और बेटियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चार वर्षीय रितु की मौत हो गई। अन्य दो बच्चियों का इलाज जारी रहा।

मां को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी पुलिस

इस घटना के बाद पुलिस ने कुछ दिनों के भीतर अन्नू देवी को दुल्लापुर थाना क्षेत्र के अलमारी रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में अन्नू ने स्वीकार किया कि वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देने की योजना पहले ही बना चुकी थी।

बच्चियों के पिता चेतन गोंड ने बताया था कि अन्नू देवी अक्सर अपनी बेटियों को लेकर मायके चली जाती थी। इसे लेकर कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई थी। अन्नू ने तब वादा किया था कि वह बिना बताए मायके नहीं जाएगी, लेकिन 30 अगस्त को उसने अपनी ही बेटियों को जहर देकर प्रेमी के साथ फरार होने का फैसला कर लिया।

25 हजार के इनामी प्रेमी को पुलिस ने दबोचा

इस मामले में मुख्य आरोपी पिंटू सिंह लंबे समय से फरार था, जिसके बाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। सात महीने की तलाश के बाद गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली और सोमवार को दक्षिणी रेलवे क्रॉसिंग के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पिंटू सिंह औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर नौगांव का निवासी है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।;

The Hindi Post
Author: The Hindi Post