उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में एक अनोखी शादी और उससे जुड़ा नाटकीय घटनाक्रम सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पहले एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी, लेकिन तीन दिन बाद खुद ही उसे वापस लेने पहुंच गया। हैरानी की बात यह रही कि प्रेमी ने भी बिना किसी हंगामे के पत्नी को उसके पहले पति के साथ भेज दिया।
पति ने खुद करवाई पत्नी की शादी
गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के भूलनचक गांव के रहने वाले बबलू की शादी 2017 में राधिका से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी थे। लेकिन इस बीच राधिका का अपने पड़ोसी विकास से प्रेम संबंध शुरू हो गया। जब बबलू को इस रिश्ते का पता चला, तो घर में आए दिन झगड़े होने लगे।
20 मार्च को राधिका अचानक घर से गायब हो गई। इसी दौरान विकास भी लापता था, जिससे मामला साफ हो गया कि दोनों साथ भाग गए हैं। बबलू ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन चार दिन बाद राधिका और विकास खुद ही थाने पहुंच गए।
थाने में बबलू ने चौंकाने वाला फैसला लिया। उसने कहा कि अगर उसकी पत्नी विकास के साथ रहना चाहती है, तो वह उसकी शादी विकास से करवा देगा। वहीं थाने में उसने राधिका की शादी विकास से करवा दी। शादी के दौरान राधिका फूट-फूटकर रोने लगी, लेकिन बबलू ने कहा कि सच्चा प्यार करने वालों को साथ रहना चाहिए।
तीन दिन बाद पछताया, लौटा लेने पहुंचा
राधिका के जाने के बाद बबलू को अपनी गलती का एहसास हुआ। तीन दिन बाद वह विकास के घर पहुंच गया और पत्नी को वापस मांगा। उसने कहा, “मुझसे गलती हो गई, बच्चों को मां की जरूरत है। मैं लोगों के बहकावे में आ गया था, लेकिन अब मैं अपनी पत्नी को वापस चाहता हूं।”
विकास की मां ने इस पर सहमति जताई और विकास ने भी बिना किसी विवाद के राधिका को बबलू के साथ जाने दिया।
फिर से वायरल हुआ वीडियो
बबलू का यह भावनात्मक पल कैमरे में कैद हो गया और वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में बबलू कहता दिख रहा है कि उसने जल्दबाजी में फैसला लिया था, लेकिन अब वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दोबारा सामान्य जीवन जीना चाहता है।
इस अनोखी प्रेम-कहानी ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कोई बबलू के फैसले को समझदारी भरा बता रहा है, तो कोई इसे भ्रमित करने वाला मामला कह रहा है। लेकिन इतना तय है कि यह अनोखी दास्तान काफी समय तक चर्चा में रहेगी।;