पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है. इसी कड़ी में खान सर भी छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए हैं. 70वीं बीपीएससी अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के 10वें दिन खान सर ने प्रदर्शन का हिस्सा बनकर दोबारा परीक्षा कराने की मांग रखी. इस दौरान खान सर ने कहा कि हम दोबारा परीक्षा की मांग सीसीटीवी फुटेज के साथ कराने को कह रहे हैं. इतना ही नहीं खान सर ने बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन के खिलाफ भी अपना आक्रोश व्यक्त किया.
“BPSC में इतनी धांधली कि बर्खास्त करना पड़ जाए”
बीपीएससी परीक्षा को लेकर खान सर ने धांधली के आरोप लगाए हैं. बीपीएससी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान खान सर ने कहा कि यहां इतनी धांधली है कि बीपीएससी को बर्खास्त करना पड़ जाएगा. पहले भी हम दोबारा परीक्षा की मांग कर रहे थे और अब भी हम अपनी दोबारा परीक्षा की मांग पर ड़टे हैं. इसके साथ अब हम CCTV भी मांग रहे हैं. खान सर ने सवाल उठाया कि सीसीटीवी से डरना क्यों है? वहां पर छात्रों की परीक्षा हो रही थी या फिर मुजरा. आखिर क्या छुपाया जा रहा है. पहली बार परीक्षा देने वाले छात्र खुद कह रहे हैं कि हमारा सीसीटीवी दिखाइए. इसलिए अब दो मांगें हैं, पहली कि परीक्षा दोबारा हो और दूसरी कि सीसीटीवी दिखाया जाए.
बिहार में पहले पुल गिरा, फिर BPSC गिर गया- खान सर
छात्रों के समर्थन में उतरे खान सर का कहना है कि ‘हम आयोग से सिर्फ दोबारा परीक्षा की मांग कर रहे हैं. चाहें जितनी कठिन परीक्षा आयोग ले ले हम उससे भागेंगे नहीं. हम खुद कह रहे हैं कि कठिन परीक्षा लीजिए और बच्चों के सवाल मत दीजिए. हमारे यहां के क्लास टेस्ट में तो इससे भी कठिन सवाल होते हैं. सबूत और CCTV फुटेज आयोग ने क्यों छिपाए हैं? इसके अलावा भी कई बातें सामने आई हैं जो जांच का विषय हैं’ उन्होंने आगे कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, राष्ट्रपति को भी बताएंगे कि बिहार में हो क्या रहा है. पहले देश की GDP गिरी, फिर बिहार में पुल टूटा और अब BPSC टूट गया है.
BPSC अभ्यर्थियों का मामला क्या है ?
13 दिसंबर को शुरू हुए विरोध प्रदर्शन की शुरुआत बीपीएससी की ओर से आयोजित परीक्षा के दौरान अनियमितताओं के आरोपों के चलते हुई थी. अभ्यर्थियों का दावा है कि पेपर लीक हो गया था और पेपर बांटने में देरी की गई थी. कई अभ्यर्थियों ने लगभग एक घंटे देरी से पेपर मिलने के आरोप लगाए थे, जबकि अन्य का दावा है कि उत्तर पुस्तिकाएं फाड़ दी गईं, जिससे संभावित लीक की आशंका बढ़ गई है. इसके बाद दोबारा परीक्षा की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़क पर उतर पड़े हैं.;