कोहली के रेस्टोरेंट को लेकर आई बुरी खबर, इस वजह से मिला महानगर पालिके का नोटिस

इस समय टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया में हैं. जहां कोहली टीम इंडिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में बिजी हैं. कोहली के लिए ये सीरीज बहुत अच्छी नहीं गुजरी है. वहीं हाल ही में एयरपोर्ट पर हुई एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार के साथ नोक-झोंक ने भी काफी सुर्खियां बटोरी हैं. कोहली तो चर्चा में हैं हीं अब उनका रेस्टोरेंट भी खबरों में छा गया है और इसकी वजह कुछ खासअच्छी नहीं है. स्टार बल्लेबाज के बेंगलुरु में मशहूर रेस्टोरेंट वन एट कम्यून को नगर निगम की ओर से नियमों के उल्लंघन के मामले में नोटिस दिया गया है.

फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट ना होने पर मिला नोटिस

मिली जानकारी के अनुसार बेंगलुरु बृहत महानगर पालिके ने कोहली के रेस्टोरेंट-पब को फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट ना होने की वजह से ये नोटिस भेजा है. ये रेस्टोरेंट बेंगलुरु में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मौजूद है, जो कि कोहली और उनके एक पार्टनर के जॉइंट वेंचर वाला है. अक्सर ये रेस्टोरेंट लोगों से भरा रहता है. आईपीएल के दौरान खुद कोहली भी कई बार अपने साथी खिलाड़ियों को इस रेस्टोरेंट में जाते हुए नजर आए हैं.

BBMP ने 7 दिन में मांगा नोटिस का जवाब

BBMP द्वारा बेंगलुरु के एक सामाजिक कार्यकर्ता वेंकटेश की शिकायत के बाद वन एट कम्यून के खिलाफ ये नोटिस जारी किया. जिसमें बताया गया है कि कोहली का ये रेस्टोरेंट फायर डिपार्टमेंट से सुरक्षा सम्बन्धी अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए बिना ही चल रहा है. बेंगलुरु की पॉश एमजी रोड पर रतनाम कॉम्प्लेक्स के छठे फ्लोर पर बने रेस्टोरेंट को BBMP के शांतिनंगर डिविजन के हेल्थ ऑफिसर की ओर से नोटिस जारी किया गया है. वहीं अगले 7 दिन के अंदर नोटिस का जवाब मांगा गया है, जिससे चूकने पर कार्रवाई की जा सकती है. इससे पहले 29 नवंबर को भी रेस्टोरेंट को नोटिस भेजा जा चुका है लेकिन तब भी कोई जवाब नहीं मिला था.

 

The Hindi Post
Author: The Hindi Post