बेंगलुरु के एआई इंजीनियर अतुल सुभाष के आत्महत्या करने के बाद से पूरे देश में हड़कंप मचा हुआ है. इस दर्दनाक घटना के बाद लोग अब तलाक और गुजारा भत्ता जैसे कानूनों पर बड़े बदलाव की मांग उठा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर अतुल के ससुराल वाले भी बचने के प्रयास में जौनपुर के घर से आधी रात को ही कहीं निकल गए. अतुल के ससुरालीजनों से पूरे दिन मीडिया सवाल पूछती रही लेकिन घर के किसी भी सदस्य में मीडिया के सवालों का सामना करने की हिम्मत नहीं दिखी. वहीं अब अतुल के पिता ने मीडिया से अपना दर्द साझा करते हुए बताया है कि कैसे हालात बिगड़ने लगे.
2019 में अतुल की निकिता सिंघानिया से हुई शादी
अतुल सुभाष के पिता का कहना है कि अप्रैल 2019 में अतुल की निकिता सिंघानिया से शादी हुई. इसके बाद दोनों पति -पत्नी हनीमून के लिए मॉरिशस गए. फिर साल 2020 में पोते का जन्म हुआ. पोते की देखभाल करने के लिए मेरी पत्नी भी बेंगलुरु गईं और वहीं पर कुछ दिनों तक रहीं. मेरी पत्नी को डायबिटीज थी तो 2021 में अतुल की सास भी बेंगलुरु पहुंच गईं. यहीं से हालात बिगड़ते चले गए.
सास ने जौनपुर में घर लेने के लिए 18 लाख रुपये मांगे
अतुल के पिता ने दावा करते हुए कहा कि अतुल की सास ने यूपी के जौनपुर में घर लेने के लिए 18 लाख रुपये की मांग की, जिसे अतुल ने दे दिया. बाद में फिर से अतुल की सास और 20 लाख रुपये की मांग करने लगीं. इस पर अतुल ने देने से इनकार करते हुए कहा कि बिना परिवार की अनुमति के अब और पैसे नहीं दे पाऊंगा. अतुल के इस जवाब के बाद अतुल की सास अपने पोते और पत्नी को लेकर तुरंत वापस जौनपुर चली गईं. बाद में जनवरी, 2023 में उन्होंने अदालत में केस दर्ज करा दिया. इसके अलावा दहेज के आरोपों पर अतुल के पिता ने जवाब देते हुए कहा कि शादी के समय दहेज के लिए कोई भी रुपये नहीं लिए गए थे.
अतुल की सास और साला फरार
बेंगलुरु में आत्महत्या करने वाले इंजीनियर अतुल सुभाष की सास और साला गुरुवार को जौनपुर के अपने घर से भाग गए. इसको लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि कर्नाटक पुलिस ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रात करीब 1 बजे निकिता की मां निशा सिंघानिया और भाई अनुराग उर्फ पीयूष सिंघानिया खोवा मंडी इलाके में अपने घर से मोटरसाइकिल पर निकले और तब से वापस नहीं लौटे हैं. आपको बता दें कि तकनीकी विशेषज्ञ सुभाष (34) ने सोमवार को बेंगलुरु में अपनी पत्नी और उसके परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी. जिस पर पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा, ससुर अनुराग और चाचा ससुर सुशील के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है.