8 नवंबर से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 4 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है. वहीं 4 मैचों की इस सीरीज का पहला मैच डरबन के किंग्समीड क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. इस टी20 सीरीज में सूर्या की कप्तानी में कई युवा खिलाड़ी खेलते हुए नजर आ सकते हैं. बात करें पिछले साल की तो तब भी टीम इंडिया ने सूर्या की कप्तानी में साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी. तब दोनों टीमें 1-1 मुकाबले में बाजी मारने में कामयाब हुईं थी और 1 मैच बारिश के कारण धुल गया था. ऐसे में अब भारतीय टीम की नजर साउथ अफ्रीका के घर पर टी20 सीरीज जीतने पर टिकी हुई हैं. जिसके लिए सूर्या एक मजबूत प्लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतरना चाहते हैं..
प्लेइंग 11 में 1 स्पिनर और 3 तेज गेंदबाजों को जगह मिलने की उम्मीद
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टी20 मैच में ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन संभालते हुए नजर आ सकते हैं. वहीं अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से ही ये जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जबकि संजू सैमसन को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में ओपनिंग का मौका दिया गया था. तब उन्होंने एक शानदार शतक भी जड़ा था. बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव तीसरे नंबर पर नजर आ सकते हैं. सूर्या के अलावा चोट से ठीक होकर लंबे समय के बाद टी20 टीम में तिलक वर्मा को भी मिडल ऑर्डर में जगह मिलने की उम्मीद है. इस सीरीज का हार्दिक पांड्या भी हिस्सा हैं. हार्दिक 5वें नंबर पर खेलते हुए नजर आ सकते हैं. इसके अलावा रिंकू सिंह और अक्षर पटेल को फिनिशिंग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. ये तीनों ही खिलाड़ी आखिरी के ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. इसके अलावा भारतीय टीम प्लेइंग 11 में 1 स्पिनर और 3 तेज गेंदबाजों को भी शामिल किए जाने की उम्मीद है.
इन गेंदबाजों को मिल सकता है चांस
वहीं दूसरे स्पिनर के रूप में वरुण चक्रवर्ती प्लेइंग 11 का हिस्सा बन सकते हैं. वहीं अर्शदीप सिंह, यश दयाल और आवेश खान बतौर तेज गेंदबाज खेलते हुए नजर आ सकते हैं. अगर यश दयाल को मौका मिलता है तो ये उनका डेब्यू मैच होगा. इससे पहले भी वह टीम इंडिया में चुने जा चुके हैं लेकिन कभी भी प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गा हैं. इसके अलावा भारतीय टीम के स्क्वॉड में जितेश शर्मा, रमनदीप सिंह, रवि बिश्नोई और विजयकुमार विशक जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं.