New Zealand के खिलाफ बरपाया रोहित-कोहली के ‘शेरों’ ने कहर, बना डाले ये बड़े रिकॉर्ड्स

बेंगलुरु टेस्ट हार खाने के बाद एक बार फिर टीम इंडिया ने जबरदस्त वापसी की है. भारतीय टीम ने पुणे टेस्ट के पहले ही दिन धमाकेदार प्रदर्शन से आगाज किया. पुणे में गुरुवार को सीरीज के दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम ने पहली पारी में न्यूजीलैंड को महज 259 रन पर धराशाई कर दिया. हालांकि टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने जोरदार शुरुआत की लेकिन वॉशिंगटन सुंदर का कहर और रविचंद्रन अश्विन की आंधी न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को ले डूबी. वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक कर न्यूजीलैंड की पारी को ध्वस्त करते हुए 7 विकेट चटका दिए. वहीं दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी कहां पीछे रहने वाले थे. अश्विन ने भी 3 विकेट अपने नाम कर लिए. इसके साथ ही चेन्नई के इन दोनों स्पिन-ऑलराउंडरों ने एक ऐसा रिकॉर्ड कायम कर दिया जो भारतीय क्रिकेट में पहले कभी कोई खिलाड़ी नहीं कर सका.

सुंदर-अश्विन ने रचा इतिहास

करीब 3 साल से भी ज्यादा लंबे समय के बाद टेस्ट मैच खेलने मैदान में उतरे वॉशिंगटन सुंदर ने 59 रन देकर 7 विकेट लिए. इस तरह सुंदर ने टेस्ट क्रिकेट में पहली बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कमाल कर दिखाया. इससे पहले सुंदर का बेस्ट 3/89 था. इसके साथ ही सुंदर पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं. इतना ही नहीं. सुंदर ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी अपना बेस्ट प्रदर्शन दिखाया है. इससे पहले फर्स्ट क्लास में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 6/87 था. वहीं सुंदर ने 7 और अश्विन ने 3 विकेट हासिल किए. देखा जाए तो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा कारनामा हुआ है जब एक पारी में सभी 10 विकेट सिर्फ ऑफ स्पिन गेंदबाजों ने चटकाए हैं. भारत में कुल मिलाकर छठवीं बार किसी टेस्ट मैच के पहले ही दिन सभी 10 विकेट स्पिनर लेग गए हैं. ऐसा पिछली बार मार्च 2024 में धर्मशाला में इंग्लैंड के खिलाफ हुआ था. सुंदर ने इन 7 विकेट में से 5 बल्लेबाजों को बोल्ड किया और ऐसा करने वाले भारत के 5वें गेंदबाज बन गए. उनसे पहले बापू नाडकर्णी, अनिल कुंबले, जसुभाई पटेल और रवींद्र जडेजा ने भी ये कमाल किया था. जबकि रविचंद्रन अश्विन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट की रेस में सबसे आगे निकल गए हैं. उनके नाम अब 189 विकेट हैं

सुंदर ने 7 तो अश्विन ने 3 विकेट अपने नाम किए

न्यूजीलैंड का पहला विकेट रविचंद्रन अश्विन ने जरूर चटकाया लेकिन उसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने कमान संभालते हुए कीवी टीम की बैटिंग लाइन-अप की कमर तोड़ दी. सुंदर ने पहला विकेट रचिन रवींद्र का लिया, जिन्होंने 65 रन बनाए और उसके बाद कीवी बल्लेबाज सुंदर के सामने संघर्ष करते दिखे. सुंदर ने 23.1 ओवर गेंदबाजी करते हुए 59 रन दिए और कुल 7 विकेट चटकाए. जबकि अश्विन ने 24 ओवर बॉलिंग करते हुए 3 विकेट लिए. अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आर अश्विन सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के नाथन लायन से आगे निकल गए हैं, जिनके अभी 530 विकेट हैं.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra