टी20 क्रिकेट की हाल के दिनों में काफी धूम है. यहां तक कि अधिकतर खिलाड़ी भी वनडे क्रिकेट की बजाय टी20 क्रिकेट खेलना ज्यादा पसंद करते हैं. जिसके चलते वनडे क्रिकेट काफी हद तक पिछड़ता जा रहा है. वहीं अब वनडे क्रिकेट में जान फूंकने के लिए आईसीसी क्रिकेट कमेटी ने एक नया तरीका खोज निकाला है. दरअसल दुबई में हुई आईसीसी क्रिकेट कमेटी की बैठक में वनडे क्रिकेट में एक ऐसा नियम बदलने की सिफारिश की गई है जिसकी वजह से इस फॉर्मेट में एक बड़ा बदलाव आ जाएगा. इस आईसीसी क्रिकेट कमेटी में सौरव गांगुली, महेला जयवर्धने, वीवीएस लक्ष्मण, शॉन पॉलक, डैनियल विटोरी, रॉजर हार्पर और जय शाह मौजूद थे. कमेटी में शामिल इन दिग्गजों ने वनडे में सिर्फ 25 ओवर तक 2 नई गेंद रखने का प्रस्ताव रखा है.
आईसीसी ने सभी कप्तानों को भेजी सिफारिश
आईसीसी कमेटी ने सलाह दी कि वनडे में दो नई बॉल का इस्तेमाल सिर्फ पहले 25 ओवर तक ही किया जाना चाहिए. इसके बाद सिर्फ एक बॉल का इस्तेमाल हो. फिलहाल 50 ओवर तक दोनों एंड से 2 नई गेंदों का इस्तेमाल होता है. कहा ऐसा भी जा रहा है कि वनडे में दो गेंदों के इस्तेमाल से गेंदबाजों को खासा नुकसान हुआ है. 50 ओवर तक 2 नई गेंद होने की वजह से बल्लेबाजों को बड़े शॉट्स खेलना आसान हो जाता है. आईसीसी कमेटी द्वारा ये सिफारिश सभी कप्तानों को भेज दी गई है. कप्तानों की सहमति के बाद ही ये नियम लागू किया जाएगा. अगर 25 ओवर तक ही 2 गेंद इस्तेमाल करने का नियम आ गया तो वनडे में गेंदबाज भी खेल में आ जाएंगे. उन्हें रिवर्स स्विंग मिलेगी और साथ ही लेग स्पिनर्स भी गेम में बड़ा योगदान दे सकेंगे.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3 टेस्ट मैचों की भी सिफारिश
इसके अलावा आईसीसी क्रिकेट कमेटी ने ये सिफारिश भी की है कि अब अगली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में 3 टेस्ट मैचों की सीरीज होनी चाहिए. न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका ज्यादातर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज ही खेलते हैं. सिर्फ भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया बड़ी टेस्ट सीरीज खेलते हैं. आईसीसी कमेटी ने डे नाइट टेस्ट को भी बढ़ावा देने की बात कही है. केवल ऑस्ट्रेलिया में ही लगातार पिंक बॉल टेस्ट खेला जाता रहा है. BCCI द्वारा पिछले 2 सालों से पिंक बॉल टेस्ट आयोजित नहीं किया गया है. आईसीसी का मानना है कि पिंक बॉल टेस्ट से ज्यादा लोग स्टेडियम में आएंगे क्योंकि भारत में जितने भी पिंक टेस्ट आयोजित हुए उनमें ज्यादा दर्शक आए थे.