आए दिन देश में ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ रहे हैं. इसी बीच एक ऐसे घोटाले का खुलासा हुआ है. जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. दरअसल एक 30 साल के शख्स ने तकरीबन 30,000 लोगों से 500 करोड़ रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया है. वहीं इस घोटाले में कई हाई-प्रोफाइल यूट्यूबर और सितारे भी शामिल बताए जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस की साइबर सेल IFSO ने इस मामले में एक्शन लेते हुए मास्टरमाइंड सिवाराम को गिरफ्तार कर लिया है. जो चेन्नई का रहने वाला है.
कैसे हुआ इतना बड़ा घोटाला?
सिवाराम ने नवंबर 2016 में सवरुल्ला एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक कंपनी बनाई और फरवरी 2024 में HIBOX नाम का ऐप लॉन्च किया था. HIBOX ऐप को एक निवेश योजना के रूप में प्रमोट किया गया, जिसमें हर दिन 1 से 5 प्रतिशत ब्याज, यानी एक महीने में 30% से 90% तक का रिटर्न देने का वादा किया गया था. ऐप के जरिए लोगों को तुरंत मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया. जिसके चलते इस ऐप में बड़ी संख्या में निवेशकों ने रुचि दिखाई. शुरुआत में ऐप ने रिटर्न देना भी शुरू किया, जिससे निवेशकों को भरोसा हो गया लेकिन जुलाई 2024 से ऐप ने पेमेंट रोक दिया और टेक्निकल गड़बड़ी और लीगल वैलिडिटी का हवाला दिया जाने लगा. इस घोटाले के मामले से जुड़े कई यूट्यूबर और सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर जैसे एल्विश यादव, लक्ष्य चौधरी, अभिषेक मल्हान, कॉमेडियन भारती सिंह और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने HIBOX ऐप को प्रमोट किया था. अब इन सभी को पुलिस ने नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है.
सिवाराम के 4 बैंक खाते सीज
IFSO यूनिट के द्वारा सिवाराम के चार बैंक खातों में मौजूद 18 करोड़ रुपये सीज कर दिए गए हैं. इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय को भी नोटिस भेजा जाएगा. वहीं मामले में पुलिस Easebuzz और Phonepe जैसी पेमेंट गेटवे कंपनियों की भूमिका की भी जांच कर रही है. जिनके द्वारा वेरिफिकेशन प्रक्रिया का पालन नहीं किया और नियमों की अनदेखी की गई. पुलिस को इस ऐप से संबंधित 127 से अधिक शिकायतें मिली हैं. जिसमें लोगों ने अपने निवेश की रकम फंसने की बात कही है. जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते है जांच शुरू की.