योगी सरकार ने पीएम उज्जवला योजना के लाभार्थियों के लिए बुधवार को बड़ा ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस दिवाली के मौके पर पीएम उज्जवला योजना के सभी लाभार्थियों को फ्री में एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे. सीएम योगी ने आदेश दिया है कि समय के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं. इसके साथ ही दिवाली से पहले सभी लाभार्थियों तक फ्री गैस सिलेंडर पहुंच जाना चाहिए. वहीं मुख्यमंत्री योगी ने सभी अफसरों को अलर्ट रहने और जनता के बीच रहने को कहा है. उन्होंने कहा है कि नवरात्रि, दशहरा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के बीच सभी सजग रहें ताकि कोई अप्रिय घटना ना घटे. त्योहारों के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था बनी रहनी चाहिए.
नवरात्रि के पर्व को लेकर सीएम योगी ने दिए खास निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए. बीते सालों में संवदेनशील इलाकों में घटित घटनाओं को लेकर अभी से अतिरिक्त सजगता और सुरक्षा की व्यवस्था हो. सभी दुर्गा समितियों और झांकी-जुलूस आदि से थाना, सर्किल और जिला पुलिस का सीधा संपर्क बना रहे. इसके साथ ही कानून व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाए. शराब दुकानों को समय सीमा में बंद कराया जाए. वहीं इस दौरान अवैध बूचड़खानों और खुले में मांस की बिक्री भी नहीं होनी चाहिए.
मिशन शक्ति के तहत कई योजनाओं की होगी शुरुआत
सीएम योगीआदित्यनाथ नवरात्रि के मौके पर मिशन शक्ति के पांचवें चरण की शुरुआत करने जा रहे हैं. सीएम योगी ने साफ कर दिया है कि यूपी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं शुरू की जाएंगी. इसके अलावा टारगेट बनाकर काम पूरे किए जाएंगे. पुलिस के साथ ही अन्य विभागों को इस मिशन में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. जिलों में मिशन शक्ति के नोडल अफसर के रूप में वहां पदस्थ पुलिस अफसर तैनात होंगे. यूपी के सभी गांवों से लेकर शहर तक की महिलाओं को सशक्तिकरण योजनाओं का फायदा मिलेगा. सभी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाने की योजना बनाई गई है.