हिमाचल प्रदेश के मंडी में अवैध मस्जिद निर्माण को लेकर हिंदू संगठन काफी उग्र हो गए हैं. अवैध मस्जिद निर्माण को हिंदू सगठनों ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान अवैध निर्माण का विरोध करते हुए विभिन्न हिंदू संगठनों ने मंडी शहर से सकोड़ी चौक तक रैली निकाली. अवैध मस्जिद निर्माण के खिलाफ प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर पड़े हैं और जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘हिमाचल ने ठाना है, देवभूमि को बचाना है’ और ‘भारत माता की जय’ के जमकर नारे लगाए.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
वहीं प्रदर्शनकारियों की इस रैली का समापन सकोड़ी चौक पर होना था. जिसको लेकर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सकोड़ी पहुंचने से रोकने के लिए पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की कई टीमें भी तैनात थीं. जिस पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया. जिसके बाद पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर मजबूरन पानी की बौछार करनी पड़ी. इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है. मंडी के सकोड़ी चौक और दूसरे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने यह भी साफ किया है कि किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता- हिंदू संगठन
वहीं इस पूरे मुद्दे को लेकर हिंदू संगठनों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर मस्जिदों के अवैध निर्माण से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. ऐसे निर्माण पर प्रशासन को तत्काल रोक लगा देनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. संगठनों का कहना है कि हिमाचल देवभूमि है और यहां की संस्कृति और धार्मिक धरोहर को बचाए रखने के लिए अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.
मुख्यमंत्री सुक्खू ने की जनता से अपील
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश की स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की है. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकार राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. राज्य की शांति और सद्भावना किसी भी कीमत पर बिगड़ने ना पाए इसलिए सरकार इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है. साथ ही अवैध निर्माणों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील की है.
देवभूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करे राज्य सरकार- कंगना
इस मामले में मंडी से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. सांसद कंगना रनौत ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि “हिमाचल प्रदेश की शांति और संस्कृति को बिगाड़ने की कोई कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.” इसके साथ ही कंगना ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाए और देवभूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करे.