कांग्रेस सांसद ने दिलाई केजरीवाल को रिहाई, क्या बिगड़ जाएगा अब हरियाणा का समीकरण, पढ़ें एक क्लिक में

सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब घोटाला से जुड़े सीबीआई मामले में शुक्रवार को जमानत दे दी है. अरविंद केजरीवाल की इस रिहाई में सबसे बड़ी भूमिका वकील अभिषेक मनु सिंघवी की रही. वकील अभिषेक मनु सिंघवी की मजूबत दलीलों के आगे सीबीआई की दलीलें ज्यादा देर टिक ना सकीं और केजरीवाल को रिहाई मिल गई. इसी के साथ आम आदमी पार्टी के लिए हरियाणा चुनाव से पहले ये बड़ी राहत की खबर है. माना जा रहा है कि सीएम केजरीवाल के आने से चुनाव के बीच आप की कोशिशों को और धार मिलेगी और वे हरियाणा चुनाव के लिए प्रचार कर पाएंगे. दरअसल सीएम अरविंद केजरीवाल हरियाणा से ही आते हैं. उनका जन्म भिवानी जिले के सिवनी में हुआ था. ऐसे में केजरीवाल का जेल से बाहर आना सिंपैथी वोट्स इकट्ठा कर सकता है.

केजरीवाल को जमानत मिलने से आप के हौसले बुलंद

हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले केजरीवाल को मिली जमानत से आम आदमी पार्टी के हौसले बुलंद हो गए हैं. हरियाणा में कांग्रेस और बीजेपी के अलावा आम आदमी पार्टी प्रमुख पार्टियों में से एक है. 2019 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो तब आप ने हरियाणा की 46 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे. तब आप का वोट प्रतिशत मात्र एक फीसदी रहा. मगर उन लोगों को आप एक बेहतर विकल्प के तौर पर नजर आती है जो कांग्रेस और बीजेपी को वोट देने से कतराते हैं या फिर कांग्रेस और बीजेपी के कामों से त्रस्त हैं. ऐसे में लोग आप को एक मौका देने के बारे में सोच सकते हैं.

आप की चुनावी रणनीति दिला सकती है जीत

हरियाणा में जहां एक ओर बीजेपी में टिकटों को लेकर उठा पटक मची हुई है. तो वहीं कांग्रेस पार्टी तो चुनाव से पहले ही कई अलग-अलग गुटों से मोर्चा संभाले हुए है. चुनाव से पहले तक कांग्रेस पूरे देश को इंडिया अलायंस की एकता दिखाने की कोशिश में थी. मगर टिकटों के बंटवारे को लेकर आप से गठबंधन टूटने से कांग्रेस का ये सपना भी अधूरा रह गया. माना जा रहा है कि ये गठबंधन तोड़ने का फैसला अरविंद केजरीवाल ने ही लिया था. ऐसे में केजरीवाल का ये फैसला उनके हक में सही साबित होने वाला है. रिहाई के बाद अब केजरीवाल और आप कार्यकर्ता जनता को खुद पर और पार्टी पर हुए जुर्म की दास्तान सुनाएंगे. अगर आप की ये रणनीति काम कर गई तो इस बार के चुनाव काफी रोचक हो जाएंगे.

 

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra