हैकर्स के शातिराना जाल में आए दिन कोई ना कोई फंस ही जाता है. जिसमें नुकसान सिर्फ और सिर्फ आपका है. आपकी गाढ़ी कमाई लूटकर हैकर्स की तो ऐश हो जाती है. हैकर्स के जंजाल से बचने के लिए आपको सिर्फ एक काम करना होगा. अगर आप ये काम कर लेते हैं तो हैकर्स आपकी गाढ़ी कमाई तक अपने पंजे नहीं पहुंचा सकते हैं. अब आप भी सोच रहे होंगे कि ऐसा कौन सा काम है जिससे कोई भी हैकर हमारा अकाउंट नहीं हैक कर पाएगा. तो ये काम बहुत ही सरल और आसान है. बस आप को अलर्ट रहना है. जी हां केवल अलर्ट रहकर भी आप हैकर्स के चंगुल में फंसने से बच सकते हैं.
हैकर्स ने लोगों की गाढ़ी कमाई ऐंठने का निकाला नया पैंतरा
लोगों से उनकी गाढ़ी कमाई ऐंठने का हैकर्स ने एक नया पैंतरा निकाल लिया है. इसके तहत हैकर्स अमेजन कंपनी के नाम पर लोगों को ठगने की योजना बना रहे हैं. ऐसा ही एक वाकया सामने आया है. आप लोगों का Amazon अकाउंट एक्सेस करने की हैकर्स कोशिश करेंगे. हैकर्स पासवर्ड न पता होने की सूरत में ओटीपी भेजते हैं. अमेजन पर आपके रजिस्टर्ड नंबर पर मैसेज आएगा ‘Your OTP to Sign In’. इसके तुरंत बाद ही आपको एक कॉल रिसीव होगा. इस कॉल में एक रिकॉर्डेड आवाज सुनाई देगी. ये आवाज हु-बू-हू ऐसी होगी कि मानों अमेजन से ही कॉल आया है. कॉल पर कहा जाएगा कि कोई आपका अकाउंट हैक करने की कोशिश कर रहा है. आपके नंबर पर कोड आया होगा. अकाउंट सेफ रखने के लिए कोड बताइए.
हैकर्स को ओटीपी ना बताकर दिखाई सूझबूझ
ऐसी हालत में कोई भी इंसान बिना सोचे-समझे डरकर फटाफट कोड बता देगा. मगर यहां पर हम लोगों ने ऐसा नहीं किया. कोड नहीं बताया. जिसके चलते हैकर्स बार-बार ओटीपी भेजते रहे और बार-बार कॉल आता गया. मगर हमने कोड शेयर नहीं किया. इसके एक मिनट बाद एक और मैसेज आया. जिसमें ICICI क्रेडिट कार्ड से 10 हजार की अमेजन शॉपिंग के लिए ओटीपी था .ओटीपी लेने के लिए भी कॉल आया, लेकिन हम पहले ही समझ चुके थे कि कोई लूटने की कोशिश कर रहा है. तो हम सतर्क हो गए थे. हैकर्स का ये खेल तकरीबन 5 मिनट किया और पूरातक बदस्तूर जारी रहा और फिर कॉल आना बंद हो गया. कॉल आना बंद होते ही हमने तुरंत अमेजन से संपर्क कर पूरा किस्सा बताया.
अगर हो जाए फ्रॉड, तो करें ये काम
आपको बता दें कि अगर किसी व्यक्ति के साथ फ्रॉड हो जाए तो बिना समय गंवाए तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर जाएं और शिकायत दर्ज करें. इसके अलावा आप अमेजन कस्टमर केयर या फिर reportascam@amazon.in पर ईमेल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं.