बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद से वार-पलटवार का दौर जारी है. सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. सीएम योगी के बयान पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि जब सपा की सरकार आएगी. तो ये बुलडोजर गोरखपुर के ओर चलेंगे. अब सीएम योगी ने उस पर पलटवार किया तो अखिलेश यादव ने फिर जवाब दे दिया है.
सीएम योगी के वार पर अखिलेश का पलटवार
दरअसल सीएम योगी ने सपा रकार बनने पर बुलडोजर का रुख गोरखपुर की ओर मोड़ने वाले अखिलेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बुलडोजर पर हर व्यक्ति के हाथ नहीं “फिट” हो सकते. सीएम योगी के इस बयान पर अखिलेश यादव ने फिर से पलटवार किया है. अखिलेश यादव ने कहा है कि ‘किसी को बोलने से पहले कि समाजवादियों के डीएनए में क्या है. कम से कम डीएनए का फुलफॉर्म ही बता दें. जहां तक बुलडोजर का सवाल है तो देखिए कैसा न्यायालय का बुलडोजर चला, कि अब बुलडोजर नहीं चल सकता है. जो लोग बुलडोजर लेकर डराते थे, जगह-जगह लोगों के घर गिरा देते थे तो क्या नक्शा मांगते थे.’
सरकार के अहंकार पर जानबूझकर बुलडोजर चलाए- अखिलेश
सपा प्रमुख ने कहा कि ‘अगर नक्शा ही सवाल है तो सरकार ये बताए कि क्या मुख्यमंत्री आवास का नक्शा पास है और कब पास हुआ था. ये भी बता दें या कागज दिखा दें. इसका मतलब ये हुआ कि ये सब आपने जानबूझकर किया है. जिन्हें आपको नीचा दिखाना था और आपकी सरकार के अहंकार पर आपने जानबूझकर बुलडोजर चलाए हैं.’ बता दें कि इससे पहले सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव की ‘भेड़िये’ से तुलना करते हुए आरोप लगाया था कि साल 2017 से पहले सरकारी नौकरी के नाम पर ‘चाचा और भतीजा’ वसूली करते थे.