देश में हर महीने की शुरूआत कुछ बदलावों से होती है. फाइनेंस के लिहाज से इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है. जिन्हें लोग चाहें या फिर नहीं. नियमों के इस बदलाव को स्वीकार करना ही पड़ता है. सितंबर के महीने का आगाज होने जा रहा है. सितंबर महीने में आम इंसान की जिंदगी में कुछ खास बदलाव होने वाले हैं, तो आइए जान लेते हैं क्या हैं ये बदलाव
ATF और CNG-PNG की कीमतों में संशोधन
सितंबर से ऑयल मार्केट कंपनियों द्वारा हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल और सीएनजी-पीएनजी की कीमतों का संशोधन किया जाएगा. इसके बाद रेट में बदलाव हो सकता है.1 सितंबर को एटीएफ और सीएनजी-पीएनजी की नई कीमत को पेश किया जा सकता है.
LPG सिलेंडर के दामों में परिवर्तन
भारतीय तेल कंपनियों की ओर से हर महीने की शुरुआत से पहले एलपीजी के दामों में संशोधन किया जाता है. जिसके कारण एलपीजी सिलेंडर के दाम घट या बढ़ सकते हैं. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी बदलाव हो सकता है. अगस्त महीने की शुरुआत में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 8.50 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई थी.
फर्जी कॉल और मैसेज पर लगेगी लगाम
टेलीकॉम कंपनियों को ट्राई द्वारा निर्देश जारी किया गया है. जिसके चलते उम्मीद है कि अब फर्जी कॉल और मैसेज पर लगाम लगाया जा सकेगा. TRAI द्वारा सख्त गाइडलाइन जारी की गईं हैं. जिसके कारण जियो, एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और बीसीएनएल जैसी बड़ी टेलीकॉम कंपनियों को 140 मोबाइल नंबर सीरीज से शुरू होने वाली कमर्शियल मैसेजिंग और टेलीमार्केटिंग कॉल को डिस्ट्रीब्यूटेड लेजर टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म पर 30 सितंबर तक शिफ्ट करना होगा. ऐसे में उम्मीद है कि फर्जी कॉल और मैसेज पर रोक लगाई जा सके.
महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी
केंद्र सरकार के सरकारी कर्मचारियों के लिए सितंबर में बड़ा ऐलान होने की संभावना है. जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार कर्मचारियों के लिए 3 फीसदी महंगाई भत्ते में इजाफा कर सकती है. अभी सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता 50 फीसदी दिया जा रहा है. जबकि 3 फीसदी की बढ़ोत्तरी के बाद यह 53 प्रतिशत हो जाएगा.
क्रेडिट कार्ड में नियमों में बदलाव
सितंबर से क्रेडिट कार्ड से जुड़े बदलाव हो सकते हैं. HDFC Bank की ओर से यूटिलिटी ट्रांजेक्शन पर रिवॉर्ड प्वाइंट की लिमिट को तय किया जा सकता है. जिसके बाद ग्राहकों द्वारा प्रतिमाह सिर्फ 2000 पॉइंट्स का ही यूटिलिटी ट्रांजेक्शन के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. IDFC First Bank की ओर से भी क्रेडिट कार्ड से भुगतान के दिन को 18 से घटाकर 15 दिन कर दिया जाएगा.
आधार कार्ड अपडेट करने की डेडलाइन
आधार कार्ड को फ्री में अपडेट करने की आखिरी तारीख 14 सितंबर है. इसके बाद आप आधार से जुड़ी कुछ चीजों जैसे- नाम, पता और जन्मतिथि को फ्री में अपडेट नहीं करा पाएंगे. इसके तहत अब 14 सितंबर के बाद आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए शुल्क देना होगा. हालांकि पहले फ्री में आधार कार्ड को अपडेट कराने की लास्ट डेट 14 जून 2024 रखी गई थी. जिसे बाद में बढ़ाकर 14 सितंबर 2024 कर दिया गया.