पिछले काफी लंबे समय से शंभू बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन चल रहा है. शनिवार को किसानों के इस आंदोलन के 200 दिन पूरे हो गए हैं. इस मौके पर किसान बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए हैं और बड़े प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं. इस बीच ओलंपियन विनेश फोगाट भी शंभू बॉर्डर पहुंच गई हैं. जहां किसान नेताओं ने विनेश फोगाट का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया. सूत्रों के अनुसार इस दौरान हरियाणा चुनाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है. इस चर्चा में विनेश फोगाट भी शामिल हो सकती हैं. किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. केंद्र सरकार किसानों के धैर्य की परीक्षा ले रही है. जिसके चलते अभी तक हमारी मांगे पूरी नहीं हुई हैं. बता दें कि किसान इसी साल 13 फरवरी से शंभू बॉर्डर पर धरने पर बैठे हैं. किसानों की मांग एमएसपी की कानूनी गारंटी है. इसके अलावा किसानों की अन्य मांगे भी हैं.
यहां बैठे 200 दिन हो गए, ये देखना दुखद- विनेश
शंभू बॉर्डर पहुंची विनेश फोगाट ने इस दौरान कहा कि “उन्हें यहां बैठे हुए 200 दिन हो गए हैं. यह देखना दुखद है. वे सभी इस देश के नागरिक हैं. किसान देश चलाते हैं. उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है, यहां तक कि एथलीट भी नहीं. अगर वे हमें खाना नहीं खिलाते हैं तो हम प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे. कई बार हम पहलवान होकर भी असहाय हो जाते हैं और कुछ नहीं कर पाते. देश का हम इतने बड़े स्तर पर प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन हम अपने परिवार के लिए कुछ नहीं कर पाते हैं. सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए.
किसानों की आवाज दबाई जा रही हैं- विनेश
एक रिपोर्ट के अनुसार अमृतसर जिले के किसान नेता बलदेव सिंह बग्गा ने दावा किया है कि सरकार के साथ संवाद करने के प्रयास विफल रहे हैं. किसान नेता बग्गा ने कहा है कि “किसान संगठनों ने बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी पत्र लिखा था लेकिन उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. पीएम नरेंद्र मोदी जैसे-जैसे अपने कार्यकाल के 11वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं. किसानों की मांगों को संबोधित करने के बजाय सरकार किसानों की आवाज़ को दबाना जारी रख रही है.