रोहित शर्मा को मिला 50 करोड़ का ऑफर, कितना सच है ये दावा, पढ़ें इस रिपोर्ट में

आईपीएल 2025 शुरू होने में अभी काफी समय है लेकिन इसकी चर्चाएं अभी से शुरू हो गई हैं. आगामी सीजन के लिए सभी टीमों ने अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. जहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने कल ही अपनी टीम का मेंटॉर जहीर खान को बनाए जाने का ऐलान किया था. वहीं लखनऊ की टीम का एक पेंच अभी भी फंसा हुआ है. जो कि टीम के कप्तान का है.

रोहित को अपने बेड़े में शामिल करेगी एलएसजी!

दरअसल पिछले 3 सीजन से एलएसजी की अगुवाई केएल राहुल कर रहे हैं लेकिन उनकी अगुवाई में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. यही वजह है कि आगामी सीजन से पहले ही फ्रेंचाइजी केएल राहुल से दूरी बनाना चाहती है. इसके अलावा पिछले सीजन में एमआई द्वारा कप्तानी छीन लिए जाने के बाद से कप्तान रोहित शर्मा भी कुछ खास खुश नहीं हैं. एक मैच के बाद टूर्नामेंट के दौरान एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका और रोहित शर्मा को बीच मैदान में बातचीत करते हुए भी देखा गया था. जिसके बाद से ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि वह आगामी सीजन में लखनऊ के साथ जुड़ सकते हैं. रोहित को लेकर हाल के दिनों में कुछ ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि अगर वह ऑक्शन में उतरते हैं तो एलएसजी उन्हें अपने बेड़े में शामिल करने के लिए 50 करोड़ की धनराशि भी खर्च कर सकती है. इस पर अब संजीव गोयनका ने अपना बयान भी दे दिया है.

रोहित शर्मा ऑक्शन में उतर रहे हैं?- गोयनका

संजीव गोयनका ने कहा कि ”मुझे एक बात बताइए. क्या किसी को पता है कि रोहित शर्मा ऑक्शन में उतर रहे हैं? ये सब संभावनाएं केवल अफवाह हैं. हमें भी नहीं पता है कि मुंबई इंडियंस की टीम रोहित को रिलीज कर रही है या नहीं. अगर रोहित ऑक्शन का हिस्सा बनते भी हैं. केवल एक खिलाड़ी के ऊपर आप सैलरी कैप का 50 प्रतिशत खर्च नहीं कर सकते हैं. आप अगर ऐसा करते भी हैं तो बाकी के 22 खिलाड़ियों को कैसे मैनेज करेंगे?” गोयनका ने आगे कहा कि ”हर टीम स्टार खिलाड़ियों को खरीदना चाहती है. लीग की बाकी टीमों की भी नजर रोहित पर हैं. वो भी रोहित को अपनी टीम में शामिल करना चाहते हैं.”

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra