श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार देशभर में बड़ी धूमधाम से मनाया गया. भगवान कृष्ण को लेकर लोगों का उत्साह चरम पर है. 27 अगस्त को भगवान कृष्ण के जन्म की खुशी में ही दही हांडी का कार्यक्रम मनाया जाता है. कई जगहों पर ये कार्यक्रम बहुत धूमधाम से मनाया जाता है. इस दिन मटकी तोड़ने की परंपरा है. इसके लिए ऊंचाई पर मटकी में दही-मक्खन बांध दिया जाता है और लोगों का एक समूह पिरामिड बनाकर मटकी को फोड़ता है. पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का काम आसान नहीं है इसलिए ऐसा एक बार में नहीं हो पाता. ऐसा करने में काफी समय लगता है और इसका सारा रोमांच तो पिरामिड के बनने में ही है.
दही हांडी का पौराणिक महत्व
भगवान कृष्ण की बाल्यावस्था से ही दही हांडी का प्रकरण जुड़ा हुआ है. दरअसल भगवान श्रीकृष्ण को माखन बहुत प्रिय था. भगवान श्रीकृष्ण घरों में चुपके से घुसकर अपनी मित्र मंडली के साथ सारा माखन चट कर जाते थे. जिसके कारण कृष्ण जी को माखन चोर कहकर भी बुलाया जाता था. उनकी इस लीला को ही दही हांडी का कार्यक्रम समर्पित है .
कहां-कहां फेमस है दही हांडी?
दही हांडी के कार्यक्रम की कई जगहो पर काफी धूम होती है. लोगों कई दिनों पहले ही इसकी तैयारियां शुरू कर देते हैं. वहीं कई जगहों पर इसे काफी जोर-शोर से मनाने की प्रक्रिया होती है. देश में कुछ-कुछ जगहें तो ऐसी हैं जहां पर दही हांडी का उत्साह हैरान कर देने वाला होता है. जिनमें दिल्ली, वृंदावन और मुंबई प्रमुख हैं.
वृंदावन
भगवान श्रीकृष्ण वृंदावन में पले-बढ़े थे और यहीं पर उनका बचपन बीता था. वैसे तो ये जगह हमेशा ही कृष्णमय रहती है लेकिन जन्माष्टमी पर ब्रजवासियों का उत्साह अलग ही लेवल पर ही होता है. जन्माष्टमी के 10 दिन पहले से ही वृंदावन में इसे धूमधाम से मनाना शुरू कर दिया जाता है. यहां पर भी कृष्ण के जन्म को बड़ी धूम-धाम से सेलिब्रेट करते हैं और दही-हांडी का कार्यक्रम रखा जाता है.
दिल्ली
राजधानी दिल्ली में दही-हांडी का कार्यक्रम बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है. कई सोसाइटीज में लोग इस कार्यक्रम का आयोजन करते हैं. जहां पर भारी संख्या में लोग दही-हांडी की प्रतियोगिता का आनंद उठाने के लिए एकत्रित होते हैं.
मुंबई
महाराष्ट्र में अलग-अलग जगहों पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है. खासकर दही हांडी के दिन तो लोगों का क्रेज एकदम अलग लेवल पर होता है. इस दिन लोग दही हांडी की प्रतियोगिता भी रखते हैं. दुनियाभर में मुंबई की दही हांडी काफी प्रचलित है. इस उत्सव को मनाने के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ता है. ठाणे, घाटकोपर और खारगर जैसी जगहों पर तो कृष्ण जन्माष्टमी के साथ ही दही हांडी का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है.