CM योगी ने क्यों कहा हिंदू बटेंगे तो कटेंगे, आखिर क्या हैं इसके मायने, पढ़ें एक क्लिक में ?

पूरे देश में आज जन्माष्टमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है. मगर बांग्लादेश में हिंदू डर से साए में भगवान की भक्ति कर रहे हैं. आज बांग्लादेश में लाखों लोगों ने व्रत रखा है लेकिन उनके चेहरों से खुशी गायब है. तख्तापलट के बाद बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि उनके साथ कुछ ऐसा हो जाएगा कि कट्टरपंथी उनका जीना दुश्वार कर देंगे. सबकुछ तबाह और बर्बाद कर देंगे. जन्माष्टमी पर बांग्लादेशी हिंदुओं का दर्द दोगुना हो गया है. वहीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर CM योगी मथुरा में हैं और अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर चुनचुनकर निशाना साधा.

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर सीएम की अपील

हिंदुओं पर बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों को लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हिंदुओं को जाति में बंटने के बजाए एकजुट रहने की अपील की है. मथुरा में योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “राष्ट्र से ऊपर कुछ भी नहीं हो सकता. राष्ट्र तभी सशक्त होगा, जब हम एकजुट होंगे. आप देख रहे हैं बांग्लादेश में क्या हो रहा है. वो गलतियां यहां नहीं दोहराई जानी चाहिए… ‘बटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे, तो नेक रहेंगे’…”उन्होंने आगे कहा कि समाज, जाति, भाषा के नाम पर बांटने वाली ताकतों से सावधान रहना होगा. दुर्गादास राठौर का यही संकल्प था. आगरा के कण-कण में कन्हैया का वास है. यहां कला है, आस्था, समर्पण और विश्वास है. ये ही राष्ट्र निष्ठा बढ़ाती है. मारवाड़, एमपी में दुर्गादास का नाम अमर है. हमें महापुरुषों का नाम याद रखना होगा.

बांग्लादेश की घटना पर विपक्ष के मुंह सिले

वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ बोले कि बांग्लादेश की घटना पर इन सबके मुंह बंद हैं क्योंकि उन्हें भय है कि अगर वे बोलेंगे तो उनके वोट बैंक खिसकते दिखाई देंगे. उनके पैरों की जमीन जिसपर वे खड़े हैं वह अंगारे उन्हें ही जलाते दिखाई देंगे. इसलिए वे मौन हैं. इसपर बोल नहीं सकते. दुनिया के अन्य मुद्दों पर जो लोग मुखर होकर बोलते हैं. उन्हें फिलिस्तीन नजर आते हैं, पर बांग्लादेशी नहीं. दुनिया की अन्य जगहें उन्हें नजर आती हैं लेकिन बांग्लादेश दिखाई नहीं देता.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra