ईशान किशन ने एक बार फिर फैंस की उम्मीद और अपनी मेहनत पर पानी फेर दिया है. दरअसल तमिलनाडु में चल रहे बुची बाबू टूर्नामेंट के पहले मैच के दौरान ईशान की पारी की लोग जमकर तारीफ कर रहे थे. वहीं टूर्नामेंट के दूसरे ही मैच में ईशान ने टीम इंडिया में वापसी के सभी रास्तों पर पानी फेरकर रख दिया है. दरअसल बुधवार को बुची बाबू टूर्नामेंट के खिलाफ मैच में ईशान किशन सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए और उनके आउट होने की वजह बेहद ही खराब शॉट रहा.
ईशान किशन ने 11 गेंदों में बनाया एक रन
ईशान किशन ने हैदराबाद के खिलाफ 11 गेंदों में एक रन बनाया है. फ्लॉप होना कोई बड़ा मुद्दा नहीं है. हर खिलाड़ी के साथ ऐसा कभी ना कभी तो होता ही है. मगर ईशान किशन ने जिस अंदाज में अपना विकेट गंवाया वो हैरान कर देने वाला है. ईशान किशन ने तनय त्यागराजन की गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया. तनय त्यागराजन की गेंद पर ईशान ने स्वीप स्लॉग शॉट खेलते हुए अपना विकेट विरोधी टीम को गिफ्ट में दे दिया. उससे भी बड़ी बात यहां पर ये है कि ईशान किशन ने ये शॉट उस वक्त खेला जब उनकी टीम पहले ही पांच विकेट गंवा चुकी थी. देखा जाए तो ईशान के लिए ये टूर्नामेंट बेहद अहम है. अगर इस टूर्नामेंट में ईशान रन बनाते हैं. तो अगले महीने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में ईशान की टीम इंडिया में वापसी हो सकती है.
ओपनर शरनदीप सिंह ने खेली शानदार पारी
मैच की बात करें तो झारखंड की टीम बड़ी मुसीबत में फंस गई है. ईशान किशन जब आउट हुए तो टीम का स्कोर सिर्फ 145 रन था. वहीं झारखंड के लिए सिर्फ ओपनर शरनदीप सिंह ने शानदार पारी खेली. दाएं हाथ के बल्लेबाज शरनदीप सिंह ने 151 गेंदों में 78 रन बनाए.