5 सितंबर से भारतीय घरेलू दलीप ट्रॉफी का आगाज होने वाला है. घरेलू दलीप ट्रॉफी में 4 टीमें उतरेंगी. इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सभी स्क्वॉड का पहले ही ऐलान कर दिया है. विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और आर अश्विन को इस टूर्नामेंट में खेलने से छूट दी गई है. यानी ये खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे. जबकि संजू सैमसन, रिंकू सिंह और पृथ्वी शॉ को स्क्वाड में चुना ही नहीं गया है. स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हैं. भारतीय टीम को सितंबर में ही अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट और 3 टी20 मैचों की सीरीज भी खेलनी है. देखा जाए तो भारत के लिए ये टूर्नामेंट काफी अहम है.
टूर्नामेंट को लेकर इन 7 खिलाड़ियों पर टिकीं सभी की निगाहें
इस बार दलीप ट्रॉफी में 7 ऐसे खिलाड़ियों पर सभी की नजरें टिकी रहने वाली है. ये वो खिलाड़ी हैं जो भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने के लिए जूझ रहे हैं या फिर वापसी करना चाहते हैं. जबकि कुछ खिलाड़ियों पर अपनी फॉर्म साबित करने का दबाव होगा. इन सात खिलाड़ियों में शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल और ईशान किशन शामिल हैं. यह सभी बल्लेबाज हैं. जबकि केएल राहुल, ऋषभ पंत और ईशान किशन टीम में विकेटकीपर भी हैं. पंत के सामने कार एक्सीडेंट के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने के लायक फिटनेस साबित करने का दबाव होगा. हालांकि उन्होंने टी20 और वनडे मैच खेल लिए हैं. वहीं बात करें तो श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की तो इन दोनों खिलाड़ियों पर पर भारतीय टीम में वापसी के लिए दमदार प्रदर्शन करने का दबाव है.
सूर्यकुमार के सामने टेस्ट टीम के लिए दमदार प्रदर्शन की चुनौती
टी20 में ताबड़तोड़ प्रदर्शन से सभी को चौंका देने वाले सूर्यकुमार यादव वनडे में टीम के लिए फुस्स साबित हुए हैं. अब सूर्यकुमार के सामने टेस्ट टीम में जगह बनाने की चुनौती है. इसको लेकर सूर्यकुमार को टेस्ट के लिहाज से दमदार प्रदर्शन करना होगा. सूर्या टी20 टीम के कप्तान भी हैं. वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम में ओपनर शुभमन गिल की जगह लगभग पक्की है. बस गिल को बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन करना होगा. ताकि टीम में उनकी जगह को कोई खतरा ना हो. स्टार स्पिनर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से ही टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं. मगर अब उनके सामने टेस्ट टीम में जगह बनाने की चुनौती रहेगी.