पृथ्वी शॉ के सितारे गर्दिश में चल रहे हैं. जुलाई 2021 के बाद से पृथ्वी ने किसी भी फॉर्मेट में एक भी मैच नहीं खेला. गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद पृथ्वी के लिए एक उम्मीद की किरण नजर आई. जिसे खुद पृथ्वी ने 7 दिनों में धूमिल कर दिया. अब अगर हम ये कहें कि पृथ्वी का टीम इंडिया में वापसी होना असंभव है तो ये गलत नहीं होगा.
हेड कोच के हाथों से भी फिसली पृथ्वी की वापसी
पृथ्वी की टीम इंडिया में वापसी के लिए जरूरी था कि पृथ्वी शॉ लगातार रन बनाते रहें. पृथ्वी के फॉर्म में नजर आने पर ही गौतम गंभीर उनकी वापसी कराने में मदद कर सकते थे लेकिन इंग्लैंड में चल रहे वनडे कप में हफ्ते भर के अंदर खेले 3 मैचों में पृथ्वी शॉ लगातार फ्लॉप होते दिखाई दिए हैं. पृथ्वी शॉ ने वनडे कप की शुरुआत भी एक फ्लॉप शो की तरह की. हालांकि फिर लगातार 3 अच्छी इनिंग खेलकर पृथ्वी ने कमबैक किया मगर अब फिर से पृथ्वी अपने पुराने ढर्रे पर लौट चुके हैं. पृथ्वी शॉ की गौतम गंभीर ने हमेशा तारीफ ही की है. वो उनके खेल के फैन रहे हैं. यही वजह थी कि ये पृथ्वी की टीम इंडिया में वापसी की आस जगी थी. मगर 7 से 14 अगस्त तक खेले वनडे कप के 3 मैचों में पृथ्वी शॉ का स्कोर 9, 17 और 23 रन का रहता है तो फिर गौतम भी क्या कर सकते हैं.
अब तक 3 पारियों में ही चला पृथ्वी का बल्ला
इंग्लैंड में चल रहे वनडे कप में पृथ्वी शॉ नॉर्थम्पटनशर की टीम का हिस्सा है. पृथ्वी इस टीम के लिए टूर्नामेंट में ओपनिंग कर रहे हैं. पृथ्वी ने अब तक खेले 8 मैचों में 343 रन बनाए हैं. 72, 97 और 76 रन की खेली 3 पारियों की वजह से ही अभी पृथ्वी शॉ के खाते में रन दिख रहे हैं. अगर पृथ्वी के मौजूदा फॉर्म की बात करें तो उस पर यकीन करना मुश्किल है. क्योंकि आखिरी 3 पारियों में पृथ्वी अपने स्टार्ट को बड़ा रूप देने में नाकाम रहे हैं. वनडे कप में पृथ्वी शॉ की टीम का भी प्रदर्शन कुछ खास नहीं. नॉर्थम्पटनशर टीम ग्रुप ए में नीचे से दूसरे नंबर पर काबिज है. नॉर्थम्पटनशर टीम ने अब तक 8 मुकाबले खेले हैं. उसमें बस 2 जीते हैं. यानी 6 में हार का सामना करना पड़ा है.