यूपी के कानपुर में एक मुर्गे के कारण दो पक्ष आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि लाठी डंडे चलने लगे. जिसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन जब दोनों ही पक्ष नहीं माने तो पुलिस ने कार्रवाई की. जिसके बाद पुलिस ने मुर्गा मालिक को थाने में बैठा लिया.
मुर्गे के चोंच मारकर काटने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक नारामऊ निवासी मोहम्मद बकरीदी ने एक मुर्गा पाल रखा है. मुर्गा जब भी खुला होता है तो चोंच मारकर गली से निकलने वाले किसी न किसी शख्स को काट कर घायल कर देता है. बीते बुधवार को मोहम्मद बकरीदी के पड़ोस में रहने वाले इरशाद गली से निकल रहे थे. उसी समय मुर्गे ने उन पर भी अपनी चोंच से हमला बोल दिया. इरशाद ने जब इसकी शिकायत मुर्गा मालिक से की. तो उसने बहस शुरू कर दी. जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे को लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया. जिसके बाद इलाके के लोगों ने मारपीट और विवाद की सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मुर्गे के मालिक को थाने में बैठा लिया. जिसके बाद पुलिस ने मुर्गा मालिक का चालान काट दिया.
पुलिस ने मुर्गा मालिक को दी सख्त हिदायत
वहीं मुर्गे के मालिक मोहम्मद बकरीदी का कहना है कि वह मुर्गे को हमेशा बांध के रखते हैं. उस दिन मोहम्मद बकरीदी घर पर नहीं था, जब उनका बेटा काम से घर लौटा. तो गेट खोलने में मुर्गा बाहर निकल गया और पड़ोसी के पैर में चोंच मार दी. एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडे का मामले को लेकर कहना है कि पुलिस ने मुर्गा मालिक को सख्त हिदायत दे दी है. मुर्गा मालिक अपने इस काटने वाले मुर्गे को बिल्कुल भी खुला न छोड़े और इसे पिंजरे में बंद करके रखें.