अब झुमकानगरी में घूम सकेंगी महिलाएं, गिरफ्तार हुआ 14 महीनों में 9 कत्ल करने वाला सीरियल किलर, पढ़ें किस लिए करता था कत्ल

यूपी की बरेली पुलिस ने 9 महिलाओं की हत्या करने वाले आरोपी को धर दबोचा है. दरअसल बरेली में 14 महीनों के अंदर एक के बाद एक 9 महिलाओं की हत्याएं की गईं. इन सभी हत्याओं को करने का तरीका एक समान था. वहीं इन हत्याओं की वारदातों की वजह से इलाके में दहशत का माहौल था. जिसके बाद पुलिस ने कड़ी छानबीन की. इस छानबीन के आधार पर पुलिस ने हाल ही में 3 लोगों के स्केच जारी किए थे. मुखबिरों की जानकारी के आधार पर इनमें से एक को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर धर दबोचा. जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी का नाम कुलदीप बताया जा रहा है. कुलदीप अपने पारिवारिक कारणों की वजह से महिलाओं से नफरत करने लगा था. फिलहाल पुलिस पूछताछ में उसने 6 हत्याएं कबूल कर ली हैं.

महिलाओं के प्रति कुंठा के चलते उतारा मौत के घाट

SSP अनुराग आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी कुलदीप नवाबगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है. कुलदीप को इलाके में हुई कुछ हत्याओं के मामले में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के जेहन में महिलाओं को लेकर कुंठा भरी हुई है. आरोपी महिलाओं से जबरदस्ती करने की कोशिश करता था और विरोध करने पर साड़ी से गला दबाकर हत्या कर देता था. आरोपी ने 6 घटनाओं को कबूला है. फिलहाल पूछताछ की जा रही है. जिन महिलाओं की हत्या की गई है उनकी उम्र 45 से 55 साल के बीच में थी.

हत्या की वारदातों से इलाके में दहशत

बरेली के थाना शाही इलाके में सिलसिलेवार हो रही हत्या की वारदातों के कारण हड़कंप मचा हुआ था. पिछले करीब 14 महीनों के अंदर 9 महिलाओं को मौत के घाट उतारा जा चुका था. सभी मर्डर इलाके के 20 से 25 किमी एरिया में किए गए थे. साथ ही सभी हत्याओं का तरीका एक समान था. इसके खुलासे के लिए पुलिस ने 22 टीमों का गठन किया गया. सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने गहन जांच पड़ताल के बाद बीते दिनों पुलिस ने 3 संदिग्धों के स्केच जारी किए थे. जिसके बाद करीब 48 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra