कौन है तिहाड़ जेल के जेलर दीपक, जिन्होंने लहराई ‘नायक नहीं खलनायक हूं’ गाने पर पिस्टल ?

तिहाड़ जेल के जेलर दीपक शर्मा एक बार फिर विवादों में घिरते हुए नजर आ रहे हैं. दरअसल जेलर दीपक शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जिसमें जेलर दीपक शर्मा पिस्टल लहराते हुए एक पार्टी में डांस कर रहे हैं. जेलर दीपक शर्मा का यूं खुलेआम पिस्टल लहराना उन्हें महंगा पड़ने वाला है.

‘खलनायक हूं मैं’ गाने पर जेलर को डांस करना पड़ा भारी
दरअसल गुरुवार को घोंडा से भाजपा पार्षद के पति की जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था. जिसमें जेलर दीपक शर्मा भी पहुंचे थे. इस पार्टी में जेलर दीपक शर्मा ने जमकर डांस भी किया. इसी दौरान अभिनेता संजय दत्त की फिल्म ‘खलनायक’ के मशहूर गाने ‘खलनायक हूं मैं…’पर पिस्तौल लहराते हुए डांस करते नजर आए. जहां एक ओर यूजर्स इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर इस वीडियो को लेकर दीपक शर्मा को खूब ट्रोल भी किया जा रहा है. कुछ यूजर्स तो मामले की जांच की भी मांग कर रहे हैं.

सोशल मीडिया यूजर्स कर रहे कार्रवाई की मांग
तिहाड़ जेल के जेलर दीपक शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा, “अगर कोई आम आदमी किसी वीडियो में पिस्तौल लहराते हुए डांस करता हुआ दिखाई दे, तो पुलिस और मीडिया उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल में डाल देगी लेकिन, ये दिल्ली की तिहाड़ जेल के जेलर दीपक शर्मा हैं. डांस करते हुए दीपक शर्मा अपनी सर्विस पिस्तौल हवा में लहराते हुए नजर आ रहे हैं. क्या इस मामले में कोई कार्रवाई होगी?” बता दें कि दिल्ली की तिहाड़ जेल में सहायक अधीक्षक के पद पर कार्यरत दीपक शर्मा फिटनेस के शौकीन हैं और इंस्टाग्राम पर उनके 4.4 लाख से ज़्यादा फ़ॉलोअर हैं. पिछले साल अगस्त में उन्होंने एक महिला के साथ धोखाधड़ी की रिपोर्ट करके सुर्खियां बटोरीं थीं. जिसने कथित तौर पर उनसे 50 लाख रुपये ठग लिए थे.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra