नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में छेड़छाड़ को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए. एक पक्ष की युवती का कहना है कि- बार के अंदर मेरा रेट पूछा गया. जिसका विरोध करने पर दूसरे ग्रुप की लड़की ने मुझे धमकी देते हुए कहा कि वो डीएसपी की बेटी है. मुझ पर झूठा केस दर्ज करवा देगी. वहीं, दूसरे पक्ष ने कहा कि उनके ग्रुप के एक पुरुष ने हमारे ग्रुप की लड़की का हाथ पकड़ लिया था. बस इसी बात पर लड़ाई हुई. वहीं इस घटना के बाद पीड़ित युवती का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.
क्या यही है योगी आदित्यनाथ का इंसाफ- पीड़िता
जानकारी के मुताबिक, घटना सेक्टर-38 ए के गार्डन गैलेरिया मॉल में सोमवार देर रात एक बार में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस दोनों पक्षों को जीआईपी चौकी लेकर आई जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए. वहीं बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता करके मामले को रफा दफा कर दिया. वहीं इस पूरे मामले में एक वीडियो वायरल हुआ है उसमें एक युवती कह रही है- बार में दूसरे पक्ष के लोगों ने मेरा रेट पूछा. क्या यही है योगी आदित्यनाथ का इंसाफ, यहां यही है हाईटेक सिटी? अपने पति और देवर के साथ मैं बार में आई थी. जहां पर दूसरे पक्ष के युवकों ने मेरे साथ अभद्रता की. मैंने युवकों के इस व्यवहार का विरोध किया और अपने पति और देवर को सब कुछ बताया. जिसके बाद मेरे पति और देवर उन युवकों से बातचीत करने लगे और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट हो गई.
खुद को DSP की बेटी बताकर पीड़िता को धमकाया
पीड़ित युवती के वीडियो के अनुसार, दूसरे पक्ष की युवती ने अपने पिता को डीएसपी बताते हुए धमकी देते हुए कहा कि वो उसके और उसके परिवार को झूठे आरोपों में फंसाकर जेल भेजवा देगी. जबकि इस पूरे मामले में दूसरे पक्ष का दावा था कि महिला के साथ के एक युवक ने नाचते समय उनकी युवती का हाथ पकड़ लिया था. जब इसका विरोध किया गया तो दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया.
पुलिस को दोनों पक्षों ने नहीं दी लिखित शिकायत
वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को जीआईपी चौकी लेकर पहुंची. जहां पर दोनों पक्षों से लिखित शिकायत देने को कहा गया लेकिन दोनों पक्षों ने मौखिक आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत देने से साफ इंकार कर दिया. थाने में शिकायत देने के बजाय दोनों पक्ष आपस में समझौता करने की बात कहकर अपने-अपने घर लौट गए. पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग गौर सिटी के रहने वाले हैं.