कांग्रेस राज में शराबियों को झटका, बढ़ गए बोतल में 200 रुपए तक रेट, पढ़ें पूरी खबर

कर्नाटक में शराब पीने वालों के लिए एक अच्छी और बुरी खबर सामने आई है. दरअसल कर्नाटक सरकार ने एक ही साल के अंदर पांचवीं बार अपनी शराब नीति में बदलाव किया है. इस बार सरकार ने 200 रुपये की कीमत वाली शराब पर ड्यूटी बढ़ा दी है. वहीं प्रीमियम शराब की कीमतों में कटौती कर दी गई है. वहीं सरकार के इस फैसले के बाद विपक्ष एक बार फिर हमलावर हो गया है. विपक्ष अब सरकार पर आरोप लगा रहा है कि सरकार के पास गारंटी योजनाओं को पूरा करने के लिए बजट नहीं है, इसलिए शराब की कीमतों में बढ़ोत्तरी की जा रही है.

एक साल में 5वीं बार आबकारी पॉलिसी में बदलाव

वहीं अब हाई प्रोफाइल लोगों की पसंदीदा प्रीमियम स्कॉच शराब पर ड्यूटी घटने की वजह से कीमत कम हो गई है. जबकि 100 से 200 रुपये कीमत वाली सस्ती शराब पर ड्यूटी बढ़ा दी गई है. जिसके बाद अब सस्ती शराब खरीदने के लिए थोड़ी और जेब ढीली करनी होगी. प्रदेश के आबकारी विभाग ने एक ही साल के अंदर पांचवीं बार आबकारी पॉलिसी में बदलाव किया है. वहीं नई पॉलिसी को 1 अगस्त से ही लागू करने की बात की गई है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है. कहा जा रहा है कि नई दरें अगले हफ्ते से लागू हो जाएंगी. सरकार के इस फैसले को लेकर अलग अलग वर्ग के लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई है. बार मालिकों का कहना है कि स्कॉच पर ड्यूटी घटने का फायदा अब शौकीनों को होगा क्योंकि अब से शराब सस्ती हो गई है. जबकि इसका नुकसान बार मालिकों को भुगतना पड़ेगा. वहीं सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार फिलहाल राज्य में प्रीमियम स्कॉच की बोतल 2500 से 3000 रुपये में मिल रही हैं. वहीं ड्यूटी घटने के बाद यही बोतल 1500 से 1800 रुपये में मिलने लगेगी.

स्कॉच की बिक्री बढ़ने की उम्मीद

बता दें कि अलग-अलग राज्यों में प्रीमियम स्कॉच की पूरी बोतल 1000 से 1500 रुपये तक में मिल जाती है. हालांकि कर्नाटक में ड्यूटी अधिक होने की वजह से प्रीमियम स्कॉच महंगी थी. जिसकी वजह से इस श्रेणी की शराब की खपत राज्य में कम है. सरकार की नई पॉलिसी के बाद अब ड्यूटी घटने के बाद इस शराब की बिक्री बढ़ने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक कीमतों में कटौती के कारण अब स्कॉच का एक क्वार्टर महज 300 रुपये में मिल जाएगा. इस फैसले के बाद सरकार को उम्मीद है कि शराब की खपत बढ़ने से सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी.

महंगी हो जाएगी सस्ती शराब

इसी तरह सरकार ने नई नीति में 100 से 200 रुपये कीमत के दायरे में आने वाली शराब पर ड्यूटी बढाने का फैसला किया है. नई पॉलिसी के मुताबिक जो शराब अब तक 100 से 200 रुपये में मिलती है वही शराब अब दो सौ से ढाई सौ रुपये में मिला करेगी. नियमित शराब का सेवन करने वाले लोग सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जता रहे हैं. बता दें कि पिछले दिनों भी शराब की कीमतें बढ़ाने पर खूब बवाल मचा था.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra