वसुंधरा राजे ने दिखाए तल्ख तेवर, पहली बार दिल की बात जुबां पर आई, पढ़ें क्या कुछ कहा ?

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ शनिवार को पदभार ग्रहण कर लिया है. प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, संगठन के बड़े पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और केंद्रीय नेतृत्व को आभार देना चाहती हूं कि मदन राठौड़ जैसे ईमानदार कार्यकर्ता को भाजपा की कमान सौंपने का काम किया है. वहीं इस शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का दर्द छलक कर सभी के सामने आ गया है.

मदन राठौड़ धैर्यवान और कर्मंठ कार्यकर्ता- वसुंधरा राजे

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा आप सभी ने प्रधानमंत्री का मंत्र सुना है.. सबका साथ… सबका विकास और सबका विश्वास. उन्होंने कहा कि वह सभी को साथ लेकर चलने का काम करेंगे. यह बहुत मुश्किल काम है और बहुत सारे लोग फेल भी हुए हैं. मुझे विश्वास है कि आप इस काम को पूरी तरह से करने की ना केवल कोशिश करेंगे, बल्कि जमीन पर उतारने का काम करेंगे. उन्होंने सीपी जोशी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने इस मुश्किल काम को कई सालों तक निभाया और अपने काम का निर्वहन सफलतापूर्वक किया है. वह उनकी कार्यशैली को जानती भी हैं और समझती भी हैं. वह धैर्यवान और कर्मंठ कार्यकर्ता हैं. मदन राठौड़ को राजस्थान में भाजपा के अध्यक्ष का पद अपने धैर्य के कारण ही मिली है.

“राजनीति का दूसरा नाम उतार-चढ़ाव है”

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आगे कहा कि राजनीति का दूसरा नाम उतार-चढ़ाव है. हर व्यक्ति जब इससे गुजरता है तो उसे तीन चीजों को याद रखनी चाहिए. पद, मद और कद इन तीन चीजों पर सभी को ध्यान देने की जरूरत है. पद और मद स्थायी नहीं है. यदि अच्छा काम करते हो तो लोग याद करते हैं तो कद आपके साथ बना रहता है. यदि पद का मद हो जाता है तो उसका कद कम तो हो ही जाता है. जो कि आज के दौर में होता रहता है. मदन राठौड़ एक ऐसे कार्यकर्ता हैं, जो पद का मद नहीं करेंगे और आप लोगों को साथ लेकर चलने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. ऐसे व्यक्ति को पार्टी की जरूरत है. इसी वजह से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. मेरे हिसाब से सबसे बड़ा पद जनता की चाहत और जनता का विश्वास है. यह ऐसा पद है कि आपसे कोई नहीं छीन सकता है. यदि आप जनता और कार्यकर्ता के साथ चलोगे तो यह पद बना रहेगा.

“कार्यकर्ता धन से नहीं बल्कि मन से काम करता है”

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आगे कहा कि बहुत सारे कार्यकर्ता बैठे हुए हैं. मुझे कार्यकर्ताओं के साथ रहने और काम करने का मौका मिला है. आज भाजपा इन सभी कार्यकर्ताओं के कारण ही इतनी बड़ी पार्टी बनी है. अटल जी समझाया करते थे, कार्यकर्ता वह है, जो अपना सबकुछ समर्पित कर देता है. यह इनके अंदर नहीं आया है. इन्होंने पूरे जीवन खपा दिया है. हमारा कार्यकर्ता धन से नहीं बल्कि मन से काम करता है. आंधी में, तूफान में विचारधारा की मशाल को लेकर आगे बढ़ता जाता है. इस तरह के भाजपा कार्यकर्ता पर गर्व है. उन्हें भी एक विशाल परिवार के साथ जुड़ने का मौका मिला है. उन्होंने कहा कि यह हमारा परिवार है. इसके आगे और पीछे किसी को नहीं जानते हैं. हमारे मन में खटका भी आता है, तो उसे पी लेते हैं. हम मानते हैं कि इस दुनिया में सबसे बड़ी हमारी पार्टी है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra