जाति के नाम पर संसद में भिड़े राहुल-अखिलेश-अनुराग, स्पीकर के टोकने पर भी नहीं हुए शांत, जानें कौन-किस पर पड़ा भारी ?

संसद में मंगलवार को बजट पर चर्चा को दौरान हंगामा खड़ा हो गया. ये हंगामा तब शुरू हुआ जब बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उनसे उनकी जाति पूछ ली. जिसके बाद विपक्ष ने लोकसभा में हंगामा काटना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं इस दौरान नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के रायबरेली सांसद राहुल गांधी के साथ ही कन्नौज सांसद और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी अनुराग ठाकुर पर खूब तमतमाए दिखे.

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को बताया एक्सीडेंटल हिंदू

दरअसल बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि एलओपी का मतलब लीडर ऑफ अपोजीशन होता है, लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा नहीं. लोकसभा में जाति जनगणना पर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को एक्सीडेंटल हिंदू बताते हुए कहा कि उनकी महाभारत को लेकर जानकारी भी ऐसी ही है. इस पर कांग्रेस सदस्य लोकसभा में हंगामा करने लगे और आसन के समक्ष आ गए. वहीं इस दौरान बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि ‘मैंने कहा था कि जिन्हें जाति का पता नहीं, वे जाति जनगणना की बात कर रहे हैं. मैंने किसी का नाम नहीं लिया था लेकिन, जवाब देने के लिए कौन खड़े हो गए.’

मैं इन अपशब्दों को खुशी से स्वीकार करूंगा- राहुल

इसके बाद अनुराग के तंज का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘जो भी इस देश में दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों की बात उठाता, जो भी उनके लिए लड़ता है, उसे अपशब्द सुनने पड़ते हैं. मैं इन अपशब्दों को खुशी से स्वीकार करूंगा. जैसे महाभारत में अर्जुन का निशाना सिर्फ मछली की आंख पर था, उसी तरह मुझे केवल जाति जनगणना दिख रही है और हम हर हाल में जाति जनगणना कराएंगे.’ इसके बाद राहुल में सत्तारूढ़ दल से कहा कि‘आपको जितने अपशब्द कहने हैं, कह दीजिए. हम खुशी से स्वीकार करेंगे.’ राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘अनुराग ठाकुर ने मेरे लिए अपशब्द कहे हैं मगर मैं उनकी तरफ से कोई माफी नहीं चाहता हूं, मुझे माफी की जरूरत नहीं है. मैं अपनी लड़ाई लड़ रहा हूं.’

ये जाति कैसे पूछ सकते हैं?- अखिलेश

इस दौरान सपा नेता अखिलेश यादव भी पीछे नहीं रहे उन्होंने कहा कि “मेरा इतना ही निवेदन है. वह (अनुराग ठाकुर) मंत्री रहे हैं. बड़े दल के नेता हैं. मैं अनुराग ठाकुर से बस इतना पूछना चाहता हूं कि आप ने जाति कैसे पूछी? ये जाति कैसे पूछ सकते हैं? जाति नहीं पूछ सकते हैं आप?”

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra