हरियाणा की छोरी ने दिखाया कमाल, ओलंपिक में हासिल की सबसे बड़ी उपलब्धि, तोड़ा 124 साल पुराना रिकॉर्ड !

हरियाणा की छोरी मनु भाकर ने भारत का नाम रोशन कर दिया है. पेरिस ओलंपिक 2024 में स्टार शूटर मनु भाकर ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली देश की पहली महिला निशानेबाज बन गईं. मनु भाकर ने महिलाओं के व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीता था. मनु भाकर ने मंगलवार को सरबजोत सिंह के साथ मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में भारत को एक और कांस्य पदक दिला दिया है. भारत को एक और कांस्य पदक दिलाकर मनु ने इतिहास रच दिया है. एक और कांस्य पदक जीतने के साथ ही मनु भाकर एक ही ओलंपिक खेल के दौराम दो पदक जीतने वाली पहली स्वतंत्र भारत की एथलीट बन गई हैं.

नॉर्मन प्रिचर्ड ने 1900 के खेलों में ये कारनामा किया था

वहीं साल 1900 में ये कारनामा नॉर्मन प्रिचर्ड ने दो रजत पदक एथलेटिक्स में जीते थे. तब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था. प्रिचर्ड के बाद कोई भी भारतीय एथलीट एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने में सफल नहीं हुआ. बहरहाल कुछ ऐसे भारतीय एथलीट भी हैं जिन्होंने अपने करियर के दौरान कुल मिलाकर दो पदक ओलंपिक खेलों में जीते हैं. इनमें सुशील कुमार (कुश्ती) और पीवी सिंधू (बैडमिंटन) शामिल हैं. लंदन 2012 में सुशील ने रजत पदक जीतने से पहले बीजिंग 2008 खेलों में कांस्य पदक जीता था. ऐसा करते ही वह स्वतंत्रता के बाद दो अलग-अलग ओलंपिक में एक से अधिक पदक जीतने वाले भारत के पहले व्यक्तिगत एथलीट बन गए. रियो ओलंपिक के दौरान बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधू ने रजत पदक जीता था. तब स्पेन की कैरोलिना मारिन फाइनल में सिंधू से हार गई थीं. ओलंपिक में यह पहली बार था जब भारत ने बैडमिंटन में रजत पदक जीता. सिंधू ने बाद में टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीता. सिंधू ओलंपिक खेलों में कई पदक जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला एथलीट हैं. हालांकि, उन्होंने ऐसा दो अलग-अलग संस्करणों में किया है.

मनु और सरबजोत ने 16-10 के अंतर से जीता मुकाबला

वहीं बात करें मनु भाकर की, तो मनु का मामला सुशील और सिंधू से काफी अलग है क्योंकि वह स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं. मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने कांस्य पदक के मैच में ओह ये जिन और ली वोन्हो की कोरियाई जोड़ी का सामना किया. क्वालिफायर में 580 अंक जुटाकर मनु और सरबजोत ने तीसरा स्थान हासिल किया था, जबकि कोरियाई टीम 579 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही थी. मनु और सरबजोत ने कांस्य पदक का मुकाबला 16-10 के अंतर से जीता. मनु का अभी 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लेना बाकी है.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra