लोकसभा में मंगलवार को बजट पर चर्चा चल रही थी. इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार को खरी-खरी सुनाई.लोकसभा में सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस बजट में यूपी के लिए कुछ नहीं है. सरकार ने प्रदेश में एक एक्सप्रेस वे तक नहीं बनाया है. इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अग्निपथ योजना का मुद्दा संसद में छेड़ दिया. अखिलेश यादव के सवालों का जवाब पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने दिया. इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई.
खुद सरकार मानती है कि योजना सही नहीं- अखिलेश
लोकसभा में अपना भाषण देते हुए कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि “जब पहली बार स्कीम आई थी तो उस समय बड़े-बड़े उद्योगपतियों से ट्वीट कराया गया था कि इससे अच्छी कोई योजना नहीं है. इनको हम नौकरी पर रख लेंगे. खुद सरकार का मानना है कि ये योजना सही नहीं है. इसी वजह से वो अपनी राज्य सरकारों से लौटकर आने वाले अग्निवीरों को नौकरी और कोटा देने की बात कह रहे हैं.”
वन रैंक-वन पेंशन योजना मोदी सरकार ने की पूरी- अनुराग
सपा सांसद अखिलेश यादव के सरकार पर उठाए सवाल का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर बोले कि “मैं उस हिमाचल प्रदेश से आता हूं, जहां से पहले परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा आते है. हिमाचल प्रदेश के वीर नौजवान कारगिल युद्ध में सबसे ज्यादा शहीद होने वालों में से थे. हिमाचल प्रदेश से चार परमवीर चक्र विजेता हुए हैं. जिसमें से दो सूबेदार संजय कुमार और कैप्टन विक्रम बत्रा भी हिमाचल से थे. वन रैंक-वन पेंशन की जो लंबे समय से मांग थी वो किसी सरकार ने पूरी नहीं की. उसे मोदी सरकार ने पूरा किया. अखिलेश यादव जी सुनिए, अग्निवीर में 100 फीसदी रोजगार की गारंटी है और और रहेगी.”
“राज्यों में 10 फीसदी कोटा क्यों देना पड़ रहा”
इसके बाद कन्नौज सांसद ने कहा कि मैं दूसरी बात कहता हूं कि आपको राज्यों में 10 फीसदी कोटा क्यों देना पड़ रहा है. अनुराग ठाकुर से सवाल करते हुए अखिलेश यादव ने पूछा ” कि चैल कहां है. कभी गए हो उस मिलिट्री स्कूल में. मैं खुद मिलिट्री स्कूल में पढ़ा हूं. आप परमवीर चक्र की बात करते हो. जिन्हें परमवीर चक्र मिला है, ऐसे हम भी कई नाम गिना सकते हैं.”
“राहुल के साथ बैठकर आपको झूठ बोलने की आदत पड़ गई”
अखिलेश के सवाल पर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर बोले कि “ये तो केवल मिलिट्री स्कूल गए हैं. मैं तो आर्मी में कैप्टन रैंक की सेवाएं आज भी दे रहा हूं. अखिलेश जी केवल ज्ञान मत बांटिए. आपको राहुल गांधी जी के साथ बैठकर बाहें फैलाकर आदत पड़ गई है झूठ बोलने की .”
“अब शायद मंत्री नहीं रहे, इसलिए ज्यादा तकलीफ”
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर के बयान पर कन्नौज सांसद बोले “अब शायद मंत्री नहीं रहे, इसलिए ज्यादा तकलीफ है. दर्द मैं बताता हूं. यूपी में जबसे हार हुई है, तबसे कोई नमस्कार नहीं करता है, आपको तकलीफ वो है . वो वीडियो हमने देखा है कि कोई किसी को नमस्कार नहीं कर रहा है, कोई किसी को देख रहा है. खुद को बहुत ताकतवर बताते थे, उसको नहीं हटा पा रहे हैं जिसने हराया . अब बात समझ में नहीं आई ना. अग्निवीर व्यवस्था समाजवादी लोग स्वीकार नहीं कर सकते हैं. जब भी हम सरकार में आएंगे, साल-दो साल इस व्यवस्था को खत्म कर देंगे.”