UPSC ने निकाल दी नखरेबाज IAS पूजा खेडकर की हेकड़ी, कर दिया ऐसा हाल, पहुंचेंगी जल्द सलाखों के पीछे !

मान लो अगर आपने धोखे से किसी चीज को हासिल किया है. तो क्या आप उस पर घमंड कर सकोगे. शायद कोई ऐसा काम करेगा ही नहीं. जिसकी सच्चाई सामने आने पर थू-थू हो सो अलग, साथ में जेल की हवा तक खानी पड़ जाए. मगर महाराष्ट्र कैडर की ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर इस मामले में अलग हैं. पहले पूजा ने गलत तरीके से यूपीएससी की परीक्षा पास की और जब सिलेक्शन हो गया तो सबको अपने पैरों की जूती समझने लगीं.वहीं अगर हम पूजा खेडकर के बारे में ये कहें, कि पूजा ने खुद ही अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली है. तो बिल्कुल गलत नहीं होगा. दरअसल अब ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. विवादों में घिरने के बाद संघ लोक सेवा आयोग ने पूजा खेडकर के खिलाफ FIR दर्ज करा दी है. इसके अलावा सिविल सेवा परीक्षा 2022 से उनकी उम्मीदवारी क्यों न रद्द की जाए और भविष्य की परीक्षाओं से उन्हें क्यों न रोका जाए के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

दिल्ली पुलिस ने पूजा के खिलाफ दर्ज की FIR

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आईएएस अधिकारी पूजा खेड़कर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. जालसाजी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और दिव्यांगता अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को आईएएस ऑफिसर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है.

ट्रेनी IAS पूजा खेडकर ने किया नियमों का उल्लंघन 

आयोग ने नोटिस जारी कर पूजा खेडकर से जवाब मांगा है कि आपकी उम्मीदवारी क्यों न रद्द की जाए और आगामी यूपीएससी की परीक्षाओं से वंचित क्यों न रखा जाए. यूपीएससी की ओर से कहा गया है, ‘पूजा खेडकर के खिलाफ विस्तृत जांच कराई गई है.इसमें पता चला है कि उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा 2022 में नियमों का उल्लघंन किया था. उनकी परीक्षा में बैठने की लिमिट पूरी हो गई थी. इसके बाद उन्होंने फर्जी तरीके से अपनी पहचान बदलकर यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा दी. उन्होंने अपने नाम, पिता का नाम, मां का नाम, फोटो और साइन तक बदल डाले. इसके अलावा मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पता भी बदला. गलत तरीके से नई पहचान बनाने की वजह से उन्हें लिमिट से ज्यादा बार परीक्षा में बैठने का मौका मिला.’आयोग ने आगे कहा, ‘इसलिए, यूपीएससी ने उनके खिलाफ पुलिस अधिकारियों के पास एफआईआर दर्ज करके आपराधिक मुकदमा चलाने सहित कई कार्रवाई शुरू की है और “सिविल सेवा परीक्षा-2022 के नियमों के अनुसार, सिविल सेवा परीक्षा-2022 की उनकी उम्मीदवारी रद्द करने/भविष्य की परीक्षाओं/चयनों से वंचित करने के लिए कारण बताओ नोटिस (एससीएन) जारी किया है.”

गड़बड़ी होने पर एक्शन लेना जरूरी- आयोग

आयोग की ओर से जारी बयान में आगे यह भी कहा गया है कि जांच के बाद हमने पूजा खेडकर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. हम संवैधानिक संस्थान हैं और नियमों का पालन करना या कराना हमारी जिम्मेदारी है. हमने साफ किया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो और अगर कोई गड़बड़ी करे तो उस पर एक्शन लिया जाए. यूपीएससी ने कहा कि उम्मीदवारों को हम पर भरोसा होता है. हमने यह भरोसा अर्जित किया है. हम लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

पूजा खेडकर का महाराष्ट्र से ट्रेनिंग प्रोग्राम भी रद्द

वहीं इससे पहले पूजा का ट्रेनिंग प्रोग्राम भी रद्द कर दिया गया था. उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एडमिनिस्ट्रेशन एकेडमी ने पूजा खेडकर का महाराष्ट्र से ट्रेनिंग प्रोग्राम रद्द करके एकेडमी ने उन्हें तत्काल वापस बुलाने के लिए लेटर भी जारी किया था. इसके अलावा एकेडमी ने महाराष्ट्र सरकार को भी इस संबंध में पत्र लिखकर जानकारी दी थी. LBSNAA द्वारा पूजा खेडकर को जारी आदेश में कहा गया है, “आपके जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम को स्थगित रखने और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए आपको तुरंत वापस बुलाने का निर्णय लिया है. अतः आपको महाराष्ट्र राज्य सरकार के जिला ट्रेनिंग प्रोग्राम से मुक्त किया जाता है. आपको जल्द से जल्द एकेडमी में शामिल होने का निर्देश दिया जाता है, लेकिन 23 जुलाई, 2024 के बाद किसी भी परिस्थिति में नहीं.”

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra