आज के युग में मेडिकल साइंस ने काफी तरक्की कर ली है. इसके द्वारा जहां अब कई तरह की सर्जरी और रोगों का इलाज संभव है. तो वहीं अब महिला या पुरुष कोई भी अपनी मर्जी से अपना जेंडर भी बदल सकते हैं. हालांकि कुछ रूढ़िवादी लोगों की मानें तो भगवान ने हमें जैसा बना कर इस धरती पर भेजा है. हमें वैसे ही रहना चाहिए. वहीं अगर बात किसी सिविल सर्वेंट की करें तो सरकार से कई बार इसकी अनुमति नहीं मिल पाती. आज हम ये चर्चा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि एक महिला आईआरएस अधिकारी को अपना जेंडर चेंज करने की केंद्र सरकार द्वारा अनुमति दे दी गई है. हम बात कर रहे हैं हैदराबाद में पोस्टेड सीनियर आईआरएस अधिकारी एम अनुसूया की जिन्होंने अपना जेंडर चेंज करा लिया है. जिसके बाद अब वो सरकारी दस्तावेजों में भी महिला नहीं रहेंगी बल्कि पुरुष आईआरएस अधिकारी के रूप में जानी जाएंगी.
11 साल की नौकरी के बाद बदला जेंडर
महिला से पुरुष बने आईआरएस अधिकारी का नाम एम अनुसूया की जगह अब एम अनुकाथिर सूर्या होगा. देखा जाए तो भारत के सिविल सेवा इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी महिला आईआरएस अधिकारी ने अपना जेंडर चेंज कराया हो. जिसकी आधिकारिक घोषणा भी 9 जुलाई को कर दी गई है. वहीं हैदराबाद में केंद्रीय कस्टम एवं सर्विस टैक्स अपीलेंट ट्रिब्यूनल में जॉइंट कमिश्नर के पद पर तैनात महिला आईआरएस अधिकरी जेंडर बदलने के बाद वापस नौकरी पर लौट आईं हैं. एम अनुसूया ने 11 साल की नौकरी के बाद अपना जेंडर बदला है. उन्होंने अपना जेंडर बदलने के लिए आवेदन दिया था जिसको केंद्र सरकार ने स्वीकार करते हुए इसकी अनुमति दे दी है.
2013 बैच की IRS अधिकारी हैं एम अनुसूया
एम अनुसूया साल 2013 बैच की आईआरएस अधिकारी हैं. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार दिसंबर 2013 से मार्च 2018 तक उनकी तैनाती चेन्नई के तमिलनाडु में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर रही. इसके बाद अप्रैल 2018 से दिसंबर 2023 तक तमिलनाडु में ही वह डिप्टी कमिश्नर रहीं. इसके बाद जनवरी 2023 में उनकी तैनाती हैदराबाद में ज्वाइंट कमिश्ननर के पद की गई. तब से वह इस पद पर तैनात हैं. साथ ही जेंडर बदलने के बाद वे वापस ड्यूटी पर लौट आईं हैं.
चेन्नई से पूरी की है बैचलर डिग्री
एम अनुसूया ने चेन्नई के मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में बैचलर डिग्री हासिल की है. उन्होंने 2023 में भोपाल के नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी से साइबर लॉ और साइबर फोरेंसिक में पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई की है. उनके फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने एमआईटी, अन्ना विश्वविद्यालय से भी पढ़ाई की है. वह मदुरै की रहने वाली हैं.