क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और खुशखबरी आ गई है. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया का शेड्यूल आ गया है. ये चैंपियंस ट्रॉफी तो अगले साल खेली जाएगी लेकिन इसकी तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं. भारतीय टीम अगले साल पाकिस्तान में होने वाले इस ICC टूर्नामेंट में 20 फरवरी से अभियान का आगाज करेगी. शेड्यूल के मुताबिक टीम इंडिया को अपने सभी मैच लाहौर में खेलने हैं. हालांकि अभी इस बात की पुष्टि भी नहीं हुई है कि भारतीय टीम पाकिस्तान जाएगी या नहीं. BCCI ने टूर्नामेंट में भारत के हिस्सा लेने पर तो मुहर लगा दी है, लेकिन वो अपने मुकाबले पाकिस्तान जाकर ही खेलेगी ये अब तक साफ नहीं हो पाया है. हालांकि बीसीसीआई के सचिव जय शाह पहले ही साफ कर चुके हैं कि रोहित शर्मा ही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे. आपको बता दें कि अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 7 साल बाद होगा. आखिरी बार इस टूर्नामेंट का आयोजन साल 2017 में हुआ था, जिसमें भारत को हराकर पाकिस्तान विजेता बना था. इस लिहाज से पाकिस्तान की टीम अपनी मेजबानी में खिताब को डिफेंड करने उतरेगी.
पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश से
रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम इंडिया का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में जो शेड्यूल सामने आया है. उस शेड्यूल के अनुसार टीम इंडिया अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश से खेलेगी. इसके बाद दूसरा मुकाबला वो 23 फरवरी को न्यूजीलैंड से खेलेगी. वहीं, ग्रुप स्टेज का तीसरा और आखिरी मैच भारत टूर्नामेंट के मेजबान और अपने चिर-प्रतिद्वन्दी पाकिस्तान से खेलेगी. ये मैच 1 मार्च को खेला जाएगा. टीम इंडिया के तीनों मैच लाहौर में खेले जाएंगे. हालांकि अभी ये केवल ड्रॉफ्ट शेड्यूल है और इसे आखिरी रूप दिया जाना बाकी है। सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि क्या भारतीय टीम पाकिस्तान के दौरे पर जाकर लाहौर में मैच खेलेगी।
BCCI ने नहीं दी पाकिस्तान जाने को लेकर सहमति
BCCI ने अभी तक पाकिस्तान जाने को लेकर अपनी सहमति नहीं दी है. ऐसे में ये तय नहीं है कि टीम इंडिया अपने मुकाबले लाहौर में ही खेलेगी या किसी न्यूट्रल वेन्यू पर. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम इंडिया का पाकिस्तान जाना और ना जाना पूरी तरह से भारत सरकार के फैसले पर टिका है. सरकार की ओर से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद ही BCCI पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी खेलती दिख सकती है. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन पाकिस्तान के 3 शहरों- लाहौर, कराची और रावलपिंडी में होना है. लेकिन भारत के सारे मुकाबले लाहौर में होने हैं. ये फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.