टी20 वर्ल्ड कप जीत कर स्वदेश लौटी भारतीय टीम का ऐसा ग्रैंड वेलकम शायद ही किसी ने कभी देखा हो. बारबाडोस के मैदान पर साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया गुरुवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर पहुंची. यहीं से टीम का ऐसा स्वागत हुआ कि दुनिया एकटक देखती ही रह गई. भारत पहुंची चैंपियंस टीम के हर खिलाड़ी ने भांगड़ा किया. इसके बाद खिलाड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे. जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी. पीएम से शाबासी लेने के बाद चैंपियंस का काफिला यहीं नहीं रुका. इसके बाद भारतीय चैंपियन मुंबई पहुंचे जहां लाखों फैंस टीम का स्वागत करने के लिए बेसब्र थे.
दिल्ली से मुंबई का सफर रहा बेहद खास
टीम इंडिया का दिल्ली से मुंबई का सफर भी बेहद खास रहा. टीम इंडिया जिस फ्लाइट से मुंबई पहुंची उसका नंबर रोहित शर्मा और विराट कोहली को समर्पित था. टीम इंडिया एयर विस्तारा की फ्लाइट UK1845 से मुंबई पहुंची. बता दें 18 विराट की जर्सी का नंबर है और 45 रोहित शर्मा की जर्सी का नंबर है. टीम इंडिया के विमान ने जैसे ही मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर लैंड किया वहां उसे वॉटर कैनन सैल्यूट मिला. इसके बाद तीन गाड़ियां विमान के आगे दौड़ीं जिनमें तिरंगा लहरा रहा था. टीम इंडिया ने इसके बाद जैसे ही एयरपोर्ट से चेक आउट किया तो वहां भी फैंस पलके बिछाएं उनका इंतजार कर रहे थे. खिलाड़ियों के मुंबई में उतरने से पहले ही फैंस ने सड़कों पर अपना कब्जा जमा लिया था. यहां खास बात ये देखने को मिली कि टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हार्दिक पंड्या के हाथों में थी. उन्होंने फैंस को देखते ही ट्रॉफी हवा में लहराई.
वर्ल्ड कप जीतकर हुआ सुकून का एहसास- रोहित
टीम इंडिया की विक्ट्री परेड तकरीबन शाम 7:30 बजे नरीमन प्वाइंट से शुरू हुई. सभी खिलाड़ी ओपन बस में फैंस का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए. विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह फैंस का सैलाब देखकर काफी हैरान नजर आ रहे थे. दूसरी ओर मोहम्मद सिराज लगातार तिरंगा लहराते नजर आए. सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं बीसीसीआई सचिव जय शाह भी ओपन बस में सवार होकर ये कभी ना भूल पाने वाला नजारा इंजॉय करते नजर आए. इसके बाद वर्ल्ड चैंपियन टीम जब मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पहुंची तो 40 हजार फैंस उनके इंतजार में आंखें बिछाए बैठे थे. टीम इंडिया की मैदान में एंट्री के साथ ही फैंस ने खिलाड़ियों को जमकर चीयर किया. इसके बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप जीत पर बताया कि कैसे उनके लिए ये पल बेहद खास है. रोहित ने कहा कि ये वर्ल्ड कप इस देश में लेकर आना बेहद खास है. रोहित ने टीम इंडिया के फैंस की तारीफ की और खास तौर पर मुंबई के फैंस को सराहा जिन्होंने विक्ट्री परेड के दौरान शानदार स्वागत किया.रोहित ने कहा कि ये वर्ल्ड कप जीतकर उन्हें काफी सुकून का एहसास हो रहा है. साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह को देश का सबसे बड़ा खजाना बताया.
वानखेड़े स्टेडियम में मिला जीत का इनाम
वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जीतने का इनाम भी मिला. बीसीसीआई ने भारतीय कप्तान को 125 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया. ये रकम टीम इंडिया और उसके सपोर्ट स्टाफ को बांटी जाएगी. अंत में भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने मैदान का चक्कर लगाया. रोहित शर्मा और विराट कोहली ने वंदे मातरम् के नारे लगाए.